सूरजपुर। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे की सहमति एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री के.सी. वेणुगोपाल द्वारा भारतीय युवा कांग्रेस की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। इस सूची में महासचिव, सचिव एवं संयुक्त सचिवों की नियुक्तियाँ शामिल हैं।
इस सूची में छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से कांग्रेस की जानी-मानी नेता और राहुल गांधी की करीबी मानी जाने वाली शशि सिंह को एक बार फिर भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की सूचना मिलते ही सरगुजा संभाग समेत पूरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
शशि सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री स्व. तुलेश्वर सिंह जी की सुपुत्री हैं, साथ ही पूर्व सांसद एवं विधायक श्री खेलसाय सिंह की पोती हैं। वे कांग्रेस के कई महत्वपूर्ण आंदोलनों और अभियानों की अगुवाई कर चुकी हैं।
वह युवा कांग्रेस की झारखंड एवं गुजरात राज्य की प्रभारी रह चुकी हैं। उन्होंने समय-समय पर केंद्र की भाजपा सरकार के विरुद्ध दिल्ली से लेकर छत्तीसगढ़ तक सशक्त आवाज़ उठाई है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और न्याय यात्रा में भी उन्होंने सक्रिय रूप से भाग लिया था।
शशि सिंह ने पार्टी द्वारा दी गई हर जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया है। यही कारण है कि पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रियाएं
उनकी नियुक्ति से छत्तीसगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयों का तांता लग गया है। स्थानीय नेताओं ने इसे महिला नेतृत्व और युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।



















