गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर में आधुनिक शोध सुविधाओं का अवलोकन
सूरजपुर। शासकीय रेवती रमण मिश्र कॉलेज सूरजपुर के रसायन विज्ञान विभाग के एम.एससी. रसायन शास्त्र द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के छात्रों के लिए गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर में शैक्षिक यात्रा का आयोजन किया गया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एच.एन. दुबे और विभागाध्यक्ष डॉ. विकेश कुमार झा के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य छात्रों को आधुनिक अनुसंधान सुविधाओं और वैज्ञानिक उपकरणों से परिचित कराना रहा। इस अवसर पर अतिथि प्राध्यापक साधना भगत, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. सलीम किस्पोट्टा, लैब तकनीशियन संजय सिंह और अन्य लैब कर्मचारी भी मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय के भौतिकी और रसायन विज्ञान विभागों के साथ-साथ केंद्रीय पुस्तकालय का भ्रमण किया। यहां उन्होंने पाउडर एक्स-रे विवर्तन, स्कैनिंग इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोप, माइक्रोवेव पार्टिकल सिंथेसाइज़र, एटॉमिक फोर्स माइक्रोस्कोप और 3.0 एमवी पेलेट्रॉन टेंडम एक्सीलरेटर जैसे अत्याधुनिक उपकरणों का अवलोकन कर उनके कार्य और उपयोग की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान विश्वविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. खेमचंद देवांगन, प्रो. परिजात ठाकुर, डॉ. सतीश शर्राफ सहित अन्य संकाय सदस्यों ने छात्रों का मार्गदर्शन किया और भौतिकी, रसायन विज्ञान, मटेरियल साइंस और नैनो टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक शोध क्षेत्रों पर विस्तृत जानकारी दी।
छात्रों ने केंद्रीय पुस्तकालय में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों, ई-जर्नल्स और उन्नत संदर्भ सामग्री के बारे में भी जानकारी ली, जो उनके उच्च शिक्षा और भविष्य के शोध कार्यों में सहायक होगी।
कार्यक्रम के अंत में द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा साक्षी सिंह ने सभी शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों का आभार जताया और कहा कि यह शैक्षिक यात्रा छात्रों के ज्ञानवर्धन के साथ ही उन्हें नवीन शोध कार्यों के लिए प्रेरित करेगी।