सूरजपुर – एक लम्बे इंतजार के बाद आखिरकार भाजपा जिला सूरजपुर की कार्यकारिणी घोषित कर दी गई। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी की गई इस सूची में कुछ नए पुराने चेहरों को अलग – अलग दायित्व सौंपा गया है। पार्टी द्वारा जारी जिला कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा बीते दिनों जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी द्वारा किया गया।
बता दें कि 23 सदस्यीय जिला कार्यकारिणी की सूची में 6 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री एवं 6 मंत्री सहित 9 अन्य पदों पर कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपा गया है।
वैसे देखा जाए तो प्रायः सभी राजनैतिक दल द्वारा संगठन को मजबूती देने और योजनाबद्ध तरीके से कार्य को संपादित करने के उद्देश्य से ही दायित्वों का बंटवारा किया जाता है। इसी क्रम में भाजपा ने भी एक लम्बे इंतजार के बाद जिला सूरजपुर के कार्यकारिणी की घोषणा आखिरकार कर दी है।
गौरतलब है कि 23 सदस्यीय इस जिला कार्यकारिणी की सूची में 6 उपाध्यक्षों में श्रीमती संध्या सिंह को बतौर महिला उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि इनके अलावा 4 अन्य महिलाओं को अन्य पदों पर जिले की टीम में शामिल किया गया है।
एकमात्र महिला उपाध्यक्ष के रूप में श्रीमती संध्या सिंह को दायित्व दिए जाने पर जहां एक ओर उनके समर्थकों में खुशी की लहर है वहीं दूसरी ओर महिला मोर्चा सहित संगठन के समस्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता भी मातृ शक्ति को नेतृत्व का अवसर दिए जाने पर संगठन के प्रति अपना आभार व्यक्त कर रहे हैं।
इधर श्रीमती संध्या सिंह की बात करें तो उन्हें राजनीति की प्रेरणा उनके ससुराल पक्ष से विरासत में मिली है। बता दें कि श्रीमती संध्या सिंह सरगुजा के पूर्व सांसद एवं कुशल राजनीतिज्ञ स्व. मुरारी लाल सिंह की बहू हैं। ससुराल में वे अपने ससुर से राजनीति की प्रेरणा लेते हुए पहली बार वर्ष 2014 में जनपद पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ीं जिसमें उन्होंने प्रचण्ड जीत हासिल की थी। इस जीत के बाद उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें जनपद पंचायत सूरजपुर का अध्यक्ष बनाया गया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष बनने के बाद जिले की राजनीति में अचानक से चर्चा में आई श्रीमती संध्या सिंह ने अपनी सक्रियता और कार्यकुशलता से सबको हैरत में डाल दिया। क्षेत्र के विकास और संगठन की मजबूती के लिए हमेशा से सक्रिय रहने वाली संध्या सिंह ने फिर दुबारा पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपने सरल व्यवहार और तेजतर्रार कार्यशैली से हमेशा लोकहित में कुछ नया करने की चाहत रखने वाली और हमेशा जनता के बीच रहने वाली श्रीमती संध्या सिंह अपने क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय हैं।
जनसेवा के माध्यम लगातार सुर्खियों में रहने वाली श्रीमती संध्या सिंह को जिला उपाध्यक्ष का दायित्व मिलने के बाद फोन के माध्यम से जब संपर्क करके पूछा गया तो उन्होंने बताया कि –
” संगठन ने मुझे जो दायित्व सौंपा उसके लिए मैं जिला और प्रदेश नेतृत्व की आभारी हूं। एक महिला होने के नाते सर्वप्रथम मातृ शक्ति की सास्याओं को संगठन के माध्यम से दूर करने का प्रयास लगातार जारी रखूंगी इसके साथ ही जिले में संगठन को मजबूत बनाने में अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करूंगी ”
इधर जानकारों की माने तो श्रीमती संध्या सिंह प्रारम्भ से ही अपनी सक्रियता का लोहा मनवा चुकी हैं। सकारात्मक सोच के साथ जनहित में कार्य करने का गुण ही उन्हें बाकी लोगों से अलग बनाता है।