---Advertisement---

जीवन दीप कर्मचारियों ने सांसद को सौंपा ज्ञापन, मानदेय वृद्धि व नियमितीकरण की मांग

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर। जीवन दीप कर्मचारी प्रकोष्ठ संघ सूरजपुर द्वारा आज सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महराज को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से जीवन दीप समिति के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी दो प्रमुख मांगें — कलेक्टर दर के समान मानदेय और नियमितीकरण — को लेकर सरकार से शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।

इस अवसर पर सूरजपुर जिला अध्यक्ष निलेश कुमार साहू, लोकनाथ राजवाड़े, जय सिंह सहित बड़ी संख्या में जेडीएस (JDS) कर्मचारी उपस्थित थे।

जिला अध्यक्ष निलेश कुमार साहू ने बताया कि वर्तमान समय में जेडीएस कर्मचारियों को मात्र तीन से पाँच हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो बेहद कम है। इतने कम वेतन में जीवन यापन करना कठिन हो गया है, जबकि एक सामान्य मजदूर की मजदूरी आज बारह हजार रुपये प्रतिमाह तक पहुँच गई है। उन्होंने कहा कि शासकीय अस्पतालों में सेवा दे रहे इन कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

इसके साथ ही उन्होंने नियमितीकरण की मांग उठाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा सरकार ने अपने घोषणा पत्र में अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था, अब उस वादे को पूरा करने का समय आ गया है।

संघ द्वारा बताया गया कि इन मांगों को लेकर पहले भी कई बार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कर्मचारियों ने सांसद से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर समाधान करवाने की पहल करें।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment