किसान के घर जाकर ले रहा था रिश्वत, एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
सूरजपुर (ब्रेकिंग)। सरगुजा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने प्रेमनगर में पदस्थ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग (आरईएस) के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) ऋषिकांत तिवारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के ग्राम नवापारा खुर्द निवासी कृषक दिगंबर सिंह को मत्स्य विभाग की योजना के तहत तालाब निर्माण के लिए 1 लाख 82 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी। तालाब निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भुगतान की प्रक्रिया आरईएस विभाग के माध्यम से की जानी थी। किसान ने बिल जमा किया, लेकिन एसडीओ ऋषिकांत तिवारी ने भुगतान पास करने के लिए 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
कृषक द्वारा बार-बार अनुरोध करने के बावजूद एसडीओ रिश्वत की मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद दिगंबर सिंह ने सरगुजा एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने ट्रैप योजना तैयार की। तय योजना के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 बजे एसडीओ किसान के घर पहुंचे, जहां जैसे ही उन्होंने किसान से रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
टीम ने रासायनिक युक्त नोट जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया गया कि ऋषिकांत तिवारी लंबे समय से प्रेमनगर क्षेत्र में पदस्थ हैं और हाल ही में इंजीनियर से प्रमोशन पाकर एसडीओ बने थे।
इस कार्रवाई से क्षेत्र के ग्रामीणों में संतोष की भावना है और सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की यह कार्यवाही चर्चित बनी हुई है।

















