सूरजपुर- सूरजपुर जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 15 वर्ष से अधिक आयु के साक्षर शिक्षार्थियों की सक्रिय भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। जिले के विभिन्न ग्रामों के पारा, टोला और मोहल्लों में स्थापित साक्षरता केंद्रों में शिक्षार्थी हंसी-खुशी और उत्साहपूर्ण माहौल में नवभारत उल्लास प्रवेशिका का अध्ययन कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक क्षेत्र में स्थानीय स्वयंसेवकों का चयन किया गया है, जो सरगुजिया बोली के साथ-साथ हिंदी भाषा में पढ़ना, लिखना, बोलना तथा अंक ज्ञान से संबंधित आवश्यक शिक्षण प्रदान कर रहे हैं। स्वयंसेवक शिक्षार्थियों को उल्लास अभ्यास पुस्तिका में लिखने का अभ्यास भी करवा रहे हैं, जिससे शिक्षा का स्तर बेहतर हो रहा है और सीखने में रुचि बढ़ रही है।
कार्यक्रम का उद्देश्य वयस्कों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। पूरे जिले में इस अभियान के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा बड़ी संख्या में लोग स्वयं आगे आकर भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। साक्षरता मिशन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ग्रामों में मुनादी तथा प्रचार-प्रसार निरंतर किया जा रहा है।

















