---Advertisement---

जिले के विभिन्न समितियों में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी, 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर धान विक्रय किसान हित में

Follow Us

किसान अनिल प्रजापति ने सरकार की योजना की सराहना की

सूरजपुर- शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के मार्गदर्शन में जिले में धान उपार्जन कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले की खोपा धान खरीदी समिति में धरतीपारा निवासी 29 वर्षीय किसान अनिल प्रजापति, पिता श्री ललन राम प्रजापति 30 क्विंटल धान का विक्रय के लिए आए ।उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। निश्चित रूप से यह किसान हित में किया जा रहा है। किसान अनिल ने कहा कि प्राप्त होने वाली धनराशि का उपयोग वे व्यापार में निवेश, घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति तथा बच्चे की शिक्षा में करेंगे। उन्होने कहा धान का यह मूल्य किसानों को धान की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने खुशी जाहिर की है कि शासन किसान हित में कार्य कर रही है।

इसके अलावा किसान अनिल प्रजापति ने ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप की सराहना करते हुए कहा कि इस ऐप ने खरीदी प्रक्रिया को बेहद सरल और पारदर्शी बना दिया है। ऑनलाइन टोकन बुकिंग, लंबी कतारों से मुक्ति, समय की बचत जैसी सुविधाओं ने किसानों को बड़ी राहत प्रदान की है। उन्होंने बताया कि अब खरीदी केंद्र में अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती है।

किसान अनिल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं राज्य शासन को किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि—“सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाएं और सुविधाएं हमारे जीवन में बड़ा परिवर्तन ला रही हैं। हमें अच्छा मूल्य, पारदर्शी व्यवस्था और समय पर भुगतान मिलता है, जिसके लिए हम राज्य शासन के आभारी हैं।” साथ ही उन्होंने खरीदी केंद्रों में उपलब्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शेड, एवं पारदर्शी तौल प्रक्रिया जैसी सुविधाओं की प्रशंसा की।

उल्लेखनीय है कि टोकन वितरण को लेकर किसानों की आशंकाओं को दूर करते हुए भूमि आधारित टोकन प्रणाली लागू की गई है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया—02 एकड़ तक की भूमि वाले किसानों को 01 टोकन

02 से 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को 02 टोकन

तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को 03 टोकन प्रदान किए जाएंगे। किसान ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप के माध्यम से प्रतिदिन सुबह 08 बजे से शाम 05 बजे तक ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे।

इसके अलावा शासन द्वारा किसान हित में निर्णय लिया गया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025 के लिए, एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन एवं पंजीकृत फसल रकबे में संशोधन की अंतिम तिथि 25 नवंबर से बढ़ाकर 30 नवंबर 2025 कर दिया गया है। यह सुविधा तहसील लॉगिन एवं समिति लॉगिन दोनों में उपलब्ध रहेगी। इस निर्णय से उन किसानों को विशेष लाभ मिलेगा जिनका पंजीयन किसी कारण पूर्व निर्धारित तिथि तक नहीं हो पाया था।

इसी क्रम में कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने उपार्जन केंद्रों में किसानों को दी जा रही सुविधाओं, संग्रहण केंद्रों की तैयारी और पीडीएस बारदाना उपलब्धता को लेकर संबधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित भी किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में पेयजल, वजन मशीन, नमी मापक यंत्र और प्रतीक्षा व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर कड़ी निगरानी रखने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण के निर्देश दिए।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment