---Advertisement---

शीतलहर से बचाव को लेकर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

Follow Us

विद्यालय में पीने हेतु गर्म पानी की व्यवस्था

सूरजपुर- विकासखण्ड रामानुजनगर के माध्यमिक शाला पतरापाली में शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए विद्यार्थियों को इससे होने वाले खतरों एवं बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर शिक्षक योगेश साहू द्वारा बच्चों को ठंड के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षक योगेश साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि “शीतलहर के समय बच्चों एवं बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होती है। अत्यधिक ठंड के कारण शरीर में कंपकंपी, सुन्नता, सिरदर्द, सुस्ती, भूख न लगना, सर्दी-खांसी, बुखार, बार-बार जी मचलना अथवा उल्टी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।” उन्होंने बताया कि शीतलहर से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनना, ठंडे मौसम में अनावश्यक बाहर निकलने से बचना, नहाते समय सीधे सिर में ठंडा पानी न डालना, सोने से पहले पैरों के तलवों में तेल लगाना, पौष्टिक एवं गर्म भोजन करना तथा हाथ-पैर ढककर रखना अत्यंत आवश्यक है। बच्चों को अलाव से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, गीले कपड़े न पहनने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत शिक्षकों या अभिभावकों को सूचित करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए पीने हेतु गर्म पानी की समुचित व्यवस्था की गई है तथा शीतलहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी अलर्ट का पालन करना आवश्यक है।

इस अवसर पर ब्लैकबोर्ड के माध्यम से शीतलहर के लक्षण, खतरे एवं बचाव से संबंधित बिंदुओं को सरल भाषा में समझाया गया, जिससे विद्यार्थियों को विषयवस्तु आसानी से समझ में आई। बच्चों ने भी रुचि लेकर जानकारी प्राप्त की एवं प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक महेंद्र पटेल, अनिता सिंह, योगेश साहू, रघुनाथ जायसवाल, सरिता सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में मौसम के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देना रहा।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment