भैयाथान- भैयाथान विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका (अधीना) में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाज के लिए तड़पते मरीज को छोड़कर डॉक्टर अपनी महिला मित्र के साथ अस्पताल से निकल गए और कही चले गए। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 7 दिसंबर 2025 को शाम लगभग 6:23 बजे ग्राम कसकेला निवासी रवि यादव अपने पड़ोसी अजय विश्वकर्मा को गंभीर हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका लेकर पहुंचे। बताया गया कि मरीज तेज दर्द से कराह रहा था, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने न तो तत्काल इलाज किया और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डॉक्टर कुछ समय तक अस्पताल परिसर में मौजूद रहे, इसके बाद बिना किसी सूचना के अपनी महिला मित्र के साथ अस्पताल से बाहर निकल गए। आरोप है कि डॉक्टर अपने साथियों के साथ निजी चिकित्सालय चले गए, जहां बाद में मरीज अजय विश्वकर्मा को भी निजी इलाज के लिए ले जाया गया। इस दौरान सरकारी अस्पताल में मरीज के लिए कोई वैकल्पिक चिकित्सकीय व्यवस्था नहीं की गई।
मामले की गंभीरता इस बात से और बढ़ जाती है कि घटना के समय डॉक्टर की ड्यूटी निर्धारित थी। इसके बावजूद अस्पताल छोड़कर चले जाना शासकीय नियमों का उल्लंघन बताया जा रहा है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में आवेदक फिरोज खान ने जिला कलेक्टर सूरजपुर को लिखित ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यदि डॉक्टर अस्पताल में मौजूद रहते तो मरीज की जान को खतरा नहीं होता।
आवेदन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर जांच पूरी नहीं की जाती, तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका के सामने क्रमिक भूख हड़ताल एवं चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकारी अस्पतालों में पदस्थ डॉक्टरों को ड्यूटी के समय जाने की अनुमति है? और क्या स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर आरोप पर कठोर कार्रवाई करेगा या मामला जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
फिलहाल पूरे मामले पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई को लेकर जनता की निगाहें टिकी हुई हैं।


















