11 आईएएस अफसरों के तबादले, कई जिलों के कलेक्टर बदले
रायपुर- छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस सूची में कई जिलों के कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और जिला पंचायत सीईओ बदले गए हैं, जिससे प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जारी आदेश के अनुसार—
कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को सरगुजा जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
दंतेवाड़ा कलेक्टर कुणाल दुदावत को कोरबा जिले की कमान सौंपी गई है।
सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव को दंतेवाड़ा जिले का कलेक्टर बनाया गया है।
नारायणपुर की कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई को बेमेतरा जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
नम्रता जैन (IAS 2019) को नारायणपुर जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है।
अन्य महत्वपूर्ण पदस्थापनाएं
अमित कुमार (IAS 2019), आयुक्त नगर पालिक निगम बिलासपुर को कलेक्टर, सुकमा नियुक्त किया गया है।
प्रकाश कुमार सर्वे (IAS 2019), अपर कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ को आयुक्त, नगर पालिक निगम बिलासपुर बनाया गया है।
गजेंद्र सिंह ठाकुर (IAS 2019), अपर कलेक्टर सुकमा को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी की जिम्मेदारी दी गई है।
रोमा श्रीवास्तव (IAS 2020), सीईओ जिला पंचायत धमतरी को उप सचिव, मंत्रालय पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा आदेश में यह भी उल्लेख है कि कलेक्टर सरगुजा भास्कर विलास संदीपन को भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के बाद अस्थायी रूप से अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के पद पर पदस्थ किया गया है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर तबादले
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि क्रमांक 2 से 10 तक किए गए स्थानांतरण भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में किए गए हैं।
प्रशासनिक कसावट बढ़ाने की कवायद
सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, बेहतर सुशासन और जिलों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से किया गया है। नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित जिलों में प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
























