---Advertisement---

घुई वन परिक्षेत्र में बाघ की मौत मामले में वन विभाग की सख्त कार्रवाई, 6 संदिग्ध हिरासत में

Follow Us

हाईकोर्ट सख्त, PCCF से मांगा शपथपत्र

सूरजपुर- घुई वन परिक्षेत्र के जंगल में बाघ का शव मिलने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सभी संदिग्धों से अलग-अलग बिंदुओं पर गहन पूछताछ की जा रही है। यह बाघ का शव बीते सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल क्षेत्र से बरामद हुआ था, जिसके बाद वन विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया था।

जांच के दौरान वन विभाग की टीम ने बाघ के शरीर से गायब किए गए अंगों को भी बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर और बलरामपुर वन मंडल के अधिकारी, वाइल्ड लाइफ की विशेष टीम के साथ संयुक्त रूप से जांच में जुटे हुए हैं। वन विभाग को आशंका है कि बाघ की मौत प्राकृतिक न होकर शिकार या सुनियोजित हमले का परिणाम हो सकती है।

वन अधिकारियों के अनुसार जांच अब अंतिम चरण में है और पोस्टमार्टम व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही बाघ की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

हाईकोर्ट की सख्ती, वन्यजीव सुरक्षा पर उठे सवाल

इधर, सूरजपुर में बाघ के शिकार के मामले को लेकर हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने मंगलवार 16 दिसंबर को सुनवाई की। कोर्ट ने राज्य शासन और वन विभाग से सवाल किया कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अब तक क्या ठोस इंतजाम किए गए हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कार्ययोजना बनाई गई है।

डिवीजन बेंच ने इस मामले में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) को व्यक्तिगत शपथपत्र के साथ जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट की सख्ती के बाद वन विभाग पर कार्रवाई और जवाबदेही का दबाव और बढ़ गया है।

फिलहाल पूरे मामले पर प्रदेश भर की नजरें टिकी हैं कि क्या बाघ की मौत के पीछे जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा मिल पाएगी या मामला जांच फाइलों में सिमटकर रह जाएगा।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment