सूरजपुर- न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने और बंदियों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती विनीता वार्नर की गरिमामयी अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट जेल विजिटर्स बोर्ड ने आज सूरजपुर जिला जेल का सघन और व्यापक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल में बंद कैदियों की वर्तमान स्थिति, उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से प्रदान की जा रही सेवाओं का गहन समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान बोर्ड के सदस्यों ने जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से मुआयना किया। इसमें कैदियों के बैरक, रसोईघर, स्वास्थ्य केन्द्र और अन्य सामान्य उपयोग के क्षेत्रों का विस्तृत अवलोकन शामिल था। अधिकारियों ने कैदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और उनकी दैनिक दिनचर्या से संबंधित जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण दल ने जेल में स्वच्छता की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता और पोषण मानकों, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता (दवाओं और चिकित्सकों की उपस्थिति सहित), कैदियों के लिए शिक्षा कार्यक्रमों और खेल-कूद जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी गहनता से मूल्यांकन किया। जेल लीगल एड क्लीनिक की कार्यप्रणाली की भी जाँच की गई ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कैदियों को कानूनी सलाह आसानी से मिल रही है। प्रधान जिला न्यायाधीश ने जेल अधीक्षक को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि कैदियों को प्रदान की जाने वाली सभी मौलिक सुविधाएं, जिनमें स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन एवं नियमित चिकित्सा जॉच बिना किसी व्यवधान के सुनिश्चित की जाएं।
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं एवं निःशुल्क प्रकरण की पैरवी हेतु अधिवक्ता की नियुक्ति के संबंध में बडे रूप में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया।
छोटे रूप में आयोजित शिविर में न्यायाधीश श्री आनंद प्रकाश वारियाल ने जानकारी देते हुए कहा की अपने आपको अक्षम न समझे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आपकी सेवा में तत्पर है किसी भी प्रकार की सहायाता के लिए जेल अधीक्षक या प्राधिकरण की ओर से निरीक्षण करने आने वाले लीगल एड अधिवक्ताओं अपनी समस्या बताएं।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण में श्रीमती विनीता वार्नर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, श्री आनंद प्रकाश वारियाल, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एफ.टी.सी. कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन श्री प्रशांत कुमार ठाकुर, जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री पायल टोपनो सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अतिरीरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार महतो, श्री अक्षय तिवारी, जेल अधीक्षक जिला जेल सूरजपुर डॉ. कपिल देव पैंकरा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी सूरजपुर, श्री एल.के. भोई, कार्यपालन अभियंता पीडब्ल्यूडी और जेल के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। यह संयुक्त निरीक्षण कैदियों के कल्याण और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

















