जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर ने महाविद्यालय और धान मंडी में किया आयोजन
सूरजपुर- राष्ट्रीय उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), सूरजपुर द्वारा शासकीय महाविद्यालय रामानुजनगर और धान मंडी देवनगर में एक व्यापक कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता और विद्यार्थियों को उनके उपभोक्ता अधिकारों और निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
न्यायाधीश के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन-
यह कार्यक्रम श्रीमती विनीता वार्नर, प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर के मार्गदर्शन एवं सचिव सुश्री पायल टोपनो के दिशानिर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री अभिषेक भाई पटेल, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस कौंसिल, सूरजपुर और श्री सत्य नारायण सिंह, पीएलव्ही, सूरजपुर ने की।
उपभोक्ताओं के 6 मुख्य अधिकार बताए गए
अपने उद्बोधन में, श्री अभिषेक भाई पटेल ने राष्ट्रीय उपभोक्ता अधिकार दिवस मनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के अधिकार, जैसे सुरक्षा, सूचना, चयन, सुनवाई, निवारण (क्षतिपूर्ति), और उपभोक्ता शिक्षा, उन्हें बाजार में होने वाले शोषण से बचाते हैं। उन्होंने कहा कि ये कानूनी अधिकार उपभोक्ताओं को सूचित निर्णय लेने और अपने हितों की रक्षा करने में मदद करते हैं। श्री पटेल ने इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क विधिक सेवा तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विधिक विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी।
विज्ञापन पर नहीं, पैकिंग पर लिखी जानकारी पर करें भरोसा
श्री सत्य नारायण सिंह, पीएलव्ही, ने उपभोक्ताओं को सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञापन के माध्यम से मिलने वाली जानकारी पर आँख बंद करके भरोसा न करें। उन्होंने जोर दिया कि खाद्य सामग्री और अन्य उत्पादों का उपयोग करने से पहले सामान की गुणवत्ता की जांच करनी चाहिए और पैकिंग पर लिखी गई पूरी जानकारी को अवश्य पढ़ना चाहिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बाल विवाह, नशा मुक्ति जैसे सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाई और नालसा तथा राज्य सरकार के महत्वपूर्ण टोल फ्री नंबरों 15100, 1098, 1930 आदि की सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य श्री श्री राम कुमार साहू, शिक्षकगण, पीएलव्ही रोहित कुमार रजवाड़े, मंडी के प्रबंध, विद्यार्थी, किसान मंडी में काम करने वाले मजदूर और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
उक्त कार्यक्रम के अतिरिक्त इस विशेष दिवस के अवसर पर पैरालीगल वॉलिंटियर्स के माध्यम से ग्राम बिशुनपुर, केतका, जयनगर, सुरता, कोटिया, बिहारपुर, देवरी, सिरसी, रामनगर,पटवारडीह, रघुनाथपुर और प्रतापपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए।


















