प्रेमनगर- पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की शताब्दी जयंती के अवसर पर नगर पंचायत प्रेमनगर के अटल परिषद में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुखमनिया जगत रहीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष सुखमनिया जगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में अटल बिहारी वाजपेयी की अहम भूमिका रही है। वे एक कुशल राजनेता होने के साथ-साथ दूरदर्शी विचारक भी थे।
नगर पंचायत पार्षद वीरेंद्र जायसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि अटल जी जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। वे भाजपा के प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे, 10 बार लोकसभा सांसद, 2 बार राज्यसभा सांसद तथा 3 बार देश के प्रधानमंत्री बने। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को शब्दों में बांध पाना सूर्य को दीपक दिखाने जैसा है।
पार्षद राजीव बंसल ने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में भारत परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बना। उन्हें 1992 में पद्म भूषण, 1994 में सर्वश्रेष्ठ सांसद और बाद में भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुखमनिया जगत सहित पार्षद वीरेंद्र जायसवाल, राजीव बंसल, धन सिंह बंजारा, झमन सिंह, गणेश्वर सिंह, सतनारायण सिंह, लीलावती सिंह, बसंती साहू, उजित राम जगत, पूर्व पार्षद पूर्ण जायसवाल, रामधारी साहू, भारत सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष मिथिला बंजारा, रामप्रताप साहू, बबलू साहू, सीएमओ दीपक एक्का, अशोक साहू, गणेश्वरी सिंह, विनय सिंह सहित अन्य पार्षद एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने भी जनता को संबोधित किया। यह आयोजन प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में एक साथ किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन रमेश जायसवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सीएमओ दीपक एक्का द्वारा किया गया।


















