---Advertisement---

बैकुण्ठपुर कोरिया के फिल्मकार सूर्या राठौर की वेब सीरीज ‘जागृति’ का खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में हुआ प्रदर्शन, मिला सम्मान..

Follow Us

कोरिया- जिले के बैठकुंठपुर ग्राम सागरपुर निवासी युवा फिल्मकार एवं निर्माता/निर्देशक संतोष/सूर्या राठौर द्वारा निर्मित सामाजिक जागरूकता पर आधारित वेब सीरीज ‘जागृति’ के प्रथम एपिसोड को 21 दिसंबर 2025 को 11वें खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर फिल्म को सराहना मिली एवं आयोजकों द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह वेब सीरीज समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, सामाजिक कुरीतियों एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से बनाई गई है। ‘जागृति’ वेब सीरीज का सीजन-1 कुल 5 एपिसोड का है, जिसमें से पहला एपिसोड पूर्ण रूप से शूट और एडिट किया जा चुका है। शेष एपिसोड की शूटिंग शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।

पहले भी मिल चुके हैं राष्ट्रीय व अंर्तराष्ट्रीय सम्मान

सूर्या राठौर इससे पहले वर्ष 2022 में नशा मुक्ति पर आधारित शॉर्ट फिल्म ‘शपथ’ का निर्माण कर चुके हैं, जिसे आठवें खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया था। इस फिल्म के लिए उन्हें मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया था। इसके अतिरिक्त उन्होंने ‘निजात’ नामक एक शॉर्ट स्टोरी रैप सॉन्ग का निर्माण किया, जिसमें बतौर निर्देषन एवं अभिनय किया, जिसके लिए कोरिया पुलिस, बैठकुंठपुर द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस 2022 के अवसर पर उनकी पूरी टीम को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। ‘निजात’ नामक शॉर्ट मूवी कम रैप सॉन्ग बैकुण्ठपुर कोरिया पुलिस के अधिकारिक यूट्यूब चैनल-KOREA POLICE CHHATTISGARH पर रिलीज किया गया।

जिला न्यायालय के लिए बनाई जागरूकता फिल्म-‘‘रजामंदी‘‘

सूर्या राठौर द्वारा जिला न्यायालय, बैठकुंठपुर के लिए ‘रजामंदी’ नामक एक जागरूकता फिल्म की पूरी कहानी और स्क्रिप्ट लिखकर फिल्म का निर्माण किया गया। यह फिल्म नाबालिगों द्वारा किए जाने वाले अपराधों पर रोक एवं सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से बनाई गई है, जिसे जिला न्यायालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल-District Court Korea पर रिलीज किया गया।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

सूर्य राठौर को बचपन से ही फिल्मों में गहरी रुचि रही है। उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 2016 में दिल्ली स्थित ओके इंडिया न्यूज़ चैनल के क्राइम आधारित सीरियल ‘फॉर्मूला 44’ से अभिनय की शुरुआत की। वर्ष 2010 में पिता के निधन के बाद आर्थिक परिस्थितियों के कारण उन्हें परिवार की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने मुंबई जाकर अभिनय और फिल्म निर्माण का प्रशिक्षण लिया। अहमदाबाद में ऑडिशन लेकर एक शॉर्ट फिल्म ‘भीखू‘ तैयार किया। लगातार संघर्ष, नौकरी करते हुए पैसे बचाकर उन्होंने अपनी पहली फिल्म ‘शपथ’ बनाई, जिसने उन्हें पहचान दिलाई।

जनशक्ति फिल्म यूट्यूब चैनल पर होगी रिलीज

सूर्या भाई फिल्म स्टूडियो की ओर से तैयार वेब सीरीज ‘जागृति’ को बहुत जल्द ‘‘जनशक्ति फिल्म‘‘ यूट्यूब चैनल पर निःशुल्क रिलीज किया जाएगा, ताकि आम दर्शक इसे देख सकें। इस वेब सीरीज में सूर्या राठौर, श्रद्धा मिंज, राहुल खस, विवेक सिद्दीकी, सत्येंद्र तिवारी, रामजी, डीपी नागवंशी, शेष कनौजिया, खेलसाय देवांगन सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया है एवं पर्दे के पीछे भी पूरी टीम ने कड़ी मेहनत की है, म्युजिक-आर0के0 म्युजिकल बैकुण्ठपुर ने दिया है़।

नए कलाकारों और स्पॉन्सर की आवश्यकता

फिल्मकार सूर्या राठौर ने बताया कि वेब सीरीज के आगामी एपिसोड के लिए नए कलाकारों और स्पॉन्सर की आवश्यकता है, ताकि समाज को जागरूक करने वाली इस श्रृंखला को आगे बढ़ाया जा सके। यह वेब सीरीज मनोरंजन के साथ-साथ समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास है।

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment