वीजा प्रोजेक्ट के तहत साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान, पंचायत स्तर पर अटल डिजिटल सेवा का उठाएं लाभ
सूरजपुर/रामानुजनगर- जिला सूरजपुर के विकासखंड रामानुजनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत केशवपुर में ग्रामीणों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वीजा प्रोजेक्ट के अंतर्गत साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आयोजित हुआ।
गोपनीयता ही सुरक्षा: ओटीपी साझा न करने की दी गई सलाह
कार्यक्रम में वीएलई (विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर) हरिओम साहू ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा और अटल डिजिटल सेवा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल ठगी के मामलों को लेकर लोगों को सतर्क किया और बैंक खाता, ओटीपी व व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के उपाय बताए। कार्यशाला के दौरान सुरक्षित इंटरनेट बैंकिंग और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया।
अटल डिजिटल सेवा: अब पंचायत में ही मिलेंगी सुविधाएँ
सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अटल डिजिटल सेवा पर चर्चा करते हुए बताया गया कि अब ग्रामीणों को छोटे सरकारी कार्यों और प्रमाण पत्रों (जैसे आय, जाति, निवास) के लिए शहर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। रामानुजनगर पंचायत स्तर पर ही इन डिजिटल सेवाओं का लाभ लेकर समय और धन की बचत की जा सकती है।
सरपंच राजमनिया ने की पहल की प्रशंसा
ग्राम पंचायत केशवपुर की सरपंच राजमनिया ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में तकनीकी जानकारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने और किसी भी अनजान लिंक या कॉल से सावधान रहने की अपील की।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे उपस्थित
इस जागरूकता कार्यक्रम में पंचायत के जनप्रतिनिधि, स्थानीय व्यवसायी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाना था।


















