महाराजा सरगुजा से मुलाकात कर सूरजपुर कांग्रेस की टीम ने की चर्चा, संगठन की मजबूती के लिए मिले दिशा-निर्देश
सूरजपुर- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा ब्लॉक अध्यक्षों की नई सूची जारी होने के बाद सूरजपुर जिले में नई ऊर्जा का संचार देखा जा रहा है। नियुक्ति मिलने के तुरंत बाद सूरजपुर जिले के सभी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने वरिष्ठ नेताओं के साथ अंबिकापुर पहुंचकर पूर्व उपमुख्यमंत्री और महाराजा सरगुजा टी.एस. सिंह देव से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
नई टीम और वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा
इस मुलाकात के दौरान नवनियुक्त अध्यक्षों के साथ जिले के दिग्गज कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे। पूर्व विधायक खेलसाय सिंह, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अश्विनी सिंह की उपस्थिति में पूरी टीम ने “महाराजा साहब” से भेंट की।
सूरजपुर जिले के ये नवनियुक्त अध्यक्ष रहे शामिल
मुलाकात करने वाले नवनियुक्त अध्यक्षों में जिले के विभिन्न ब्लॉकों की कमान संभालने वाले चेहरे शामिल थे। सूरजपुर शहर ब्लॉक अध्यक्ष मनोज डालमिया, सूरजपुर ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष जफर हैदर, सलका ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप राजवाड़े, भैयाथान ब्लॉक अध्यक्ष विधात्री सिंह, ओडगी ब्लॉक अध्यक्ष लवकेश गुर्जर, प्रतापपुर ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र दुबे।
संगठन की मजबूती पर मंथन
मुलाकात के दौरान आगामी राजनीतिक गतिविधियों और जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के विषय में विस्तृत चर्चा की गई। टी.एस. सिंह देव ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए एकजुट होकर कार्य करने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि संगठन की मजबूती ही आने वाली चुनौतियों का सामना करने की असली चाबी है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजीव सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, अखिलेश सिंह, कुमार सिंह देव, राजकुमारी मरावी, हेमेंद्र गुप्ता और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।


















