साइकिल पाकर खिल उठे छात्राओं के चेहरे, अब शिक्षा की राह होगी आसान
सूरजपुर/भैयाथान- ग्रामीण अंचल की बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने और उनके विद्यालय आवागमन को सरल बनाने के उद्देश्य से शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत गंगौटी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की 23 छात्राओ को निःशुल्क साइकिल प्रदान की गई, जिससे छात्राओं में खासा उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि साइकिल मिलने से अब दूर-दराज के गांवों से आने वाली छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी। इससे न केवल उनके समय की बचत होगी, बल्कि वे अपनी पढ़ाई पर भी अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगी। वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि यह योजना बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासन की एक सशक्त पहल है।
साइकिल वितरण समारोह में क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए, जिनमें सभापति राजू कुमार गुप्ता, SMDC अध्यक्ष सौरभ साहू, सरपंच राय सिंह, सांसद प्रतिनिधि उजाला ठाकुर, एवं उप-सरपंच पति देवा देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य मोमिन रजा, व्याख्याता समीक्षा गुप्ता, अनीता साहू, अरुण तिर्की, जूही साहू एवं संजय साहू सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। इनके अलावा रामलाल राजवाड़े, ललित राजवाड़े, राम बहल सिंह, महंत देवांगन सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।
साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से दमक उठे। वहीं अभिभावकों ने शासन की इस योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे गरीब एवं ग्रामीण परिवारों की बेटियों को शिक्षा प्राप्त करने में बड़ी सहायता मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


















