---Advertisement---

मामूली विवाद पर दोस्त ने टाटा सूमो से कुचलकर की नाबालिग की हत्या

Follow Us
शराब पीकर पिता को जानकारी देने से नाराज था आरोपी; दोस्तों के मना करने के बाद भी चढ़ाई गाड़ी

कोरिया/पटना- कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र के अंतर्गत दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक 18 वर्षीय युवक ने अपने ही नाबालिग दोस्त को महज इसलिए मौत के घाट उतार दिया क्योंकि उसने फोन पर आरोपी के पिता को उनकी लोकेशन बता दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पिकनिक से लौटते वक्त हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 जनवरी 2026 को मृतक रितेश कुमार सिंह अपने दोस्तों—विद्या चंद साहू, प्रीतपाल विश्वकर्मा और सतीश विश्वकर्मा के साथ आरोपी की टाटा सूमो गोल्ड वाहन से झुमका डैम पिकनिक मनाने गया था। वहाँ सभी ने शराब और मांस का सेवन किया। शाम को लौटते समय पटना के पास आरोपी के पिता का फोन आया। रितेश ने फोन उठाकर बता दिया कि वे पटना पहुँच चुके हैं।

पैदल जा रहे दोस्त पर जानबूझकर चढ़ाई सूमो

पिता को जानकारी देने की बात से आरोपी विद्या चंद्र साहू (विनय साहू) इतना उत्तेजित हो गया कि वह रितेश से गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। वह इस बात से नाराज था कि रितेश ने घर पर यह क्यों बताया कि वे पहुँच चुके हैं, क्योंकि उसे अभी और शराब पीनी थी। इस विवाद से तंग आकर रितेश गाड़ी से उतर गया और नेशनल हाईवे पर पैदल ही अपने घर की ओर चल दिया।

जब रितेश रनई के पास पहुँचा, तब पीछे से सूमो लेकर आ रहे आरोपी ने उसे पैदल जाते देखा। अन्य दोस्तों के मना करने के बावजूद, आरोपी ने हत्या की नीयत से गाड़ी को सड़क के बाईं ओर मोड़ा और रितेश को जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल में हुई मौत, जांच के बाद हत्या का केस दर्ज

टक्कर के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। अन्य दोस्तों ने गंभीर रूप से घायल रितेश को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरूआती मर्ग जांच के बाद, पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक राजेश साहू की जांच में यह साफ हुआ कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी।

आरोपी गिरफ्तार

घटनास्थल के निरीक्षण, चश्मदीद गवाहों के बयान और पीएम रिपोर्ट के आधार पर 12 जनवरी को थाना पटना में धारा 103(1) BNS (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विद्या चंद्र साहू उर्फ विनय साहू (निवासी: तेजपुर स्कूल पारा, रामानुजनगर, सूरजपुर) को 17 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया।

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment