सूरजपुर/भटगांव – जिले में अवैध धान के कारोबार और बिचौलियों के खिलाफ जिला प्रशासन का सख्त रुख बरकरार है। सोमवार को तहसील भटगांव के अंतर्गत ग्राम खोपा स्थित धान उपार्जन समिति में प्रशासनिक टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया, जहां बिचौलियों के माध्यम से अवैध धान को खपाने की कोशिश की जा रही थी।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि खोपा केंद्र में कुछ लोग बिचौलियों का सहारा लेकर धान बेचने की फिराक में हैं। इस पर राजस्व विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान वहां 170 बोरा धान संदिग्ध पाया गया, जिसे एक बिचौलिये के माध्यम से समिति में लाया गया था। तौल करने पर धान की कुल मात्रा लगभग 68 क्विंटल पाई गई।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे 170 बोरा धान को जब्त कर समिति की सुपुर्दगी में दे दिया है। केवल जब्ती ही नहीं, बल्कि शासन के नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित किसान के विरुद्ध भी कड़ा कदम उठाया गया है। प्रशासन ने किसान के 68 क्विंटल धान के समतुल्य रकबे को समर्पण कराने की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे वह अब भविष्य में इस कोटे का लाभ नहीं ले पाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के कोचियों और बिचौलियों में हड़कंप का माहौल है। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि धान खरीदी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















