---Advertisement---

बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर विवाद: किसान के साथ मारपीट और झूठे केस में फंसाने की धमकी

Follow Us
गोविंदपुर का मामला: पीड़ित ने एसपी से की सुरक्षा और कार्रवाई की मांग

सूरजपुर- जिले के विकासखंड भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत गोविंदपुर में निजी भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर उपजा विवाद अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुँच गया है। ग्राम गोविंदपुर निवासी एक किसान ने गांव के ही दबंगों पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और झूठे कानूनी केस में फंसाने का गंभीर आरोप लगाया है।

निर्माण कार्य के दौरान हुआ हमला

पीड़ित लक्ष्मीनारायण पटेल (उम्र 55 वर्ष) ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए आवेदन में बताया कि सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे वे अपनी निजी पट्टे की भूमि पर बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु खुदाई करवा रहे थे। इसी दौरान अनावेदक निर्मल नेताम और उसकी बहन मनबसिया वहाँ पहुँचे और सरपंच व अन्य रिश्तेदारों की उपस्थिति में ही काम रुकवाकर गाली-गलौज शुरू कर दी।

मारपीट और गंभीर धमकियां

शिकायत के अनुसार, अनावेदकों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार झूठे SC/ST एक्ट के मामले में फंसाने की धमकी देकर डराया जा रहा है, जिससे उनका पूरा परिवार भयभीत है। घटना की लिखित सूचना उसी दिन चौकी रेवटी में भी दी गई थी, लेकिन धमकियां अब भी जारी हैं।

न्याय और सुरक्षा की मांग

पीड़ित लक्ष्मीनारायण पटेल ने एसपी से निवेदन किया है कि अनावेदकों के विरुद्ध मारपीट और धमकी की धाराओं में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

उन्हें और उनके परिवार को पुलिस संरक्षण प्रदान किया जाए।

अपनी निजी भूमि पर बिना किसी भय और बाधा के निर्माण कार्य पूर्ण कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए जाएं।

इस मामले में पीड़ित ने आवेदन के साथ एमएलसी (MLC) रिपोर्ट और चौकी में दिए गए आवेदन की प्रति भी संलग्न की है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस किसान को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।

बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर विवाद: किसान के साथ मारपीट और झूठे केस में फंसाने की धमकी

Leave a Comment