अत्यंत अल्प मानदेय में काम करने को मजबूर हैं जीवन दीप समिति के कर्मचारी
आर्थिक तंगी का हवाला देकर लगाई गुहार
सूरजपुर- छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ सूरजपुर ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आज मोर्चा खोल दिया है। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सूरजपुर से मुलाकात कर जीवन दीप समिति के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को कलेक्टर दर के समान मानदेय भुगतान करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है।
2 से 5 हजार में जीवन निर्वाह मुश्किल
संघ के जिला अध्यक्ष निलेश कुमार साहू द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जीवन दीप समिति के अंतर्गत कार्यरत समस्त कर्मचारियों को वर्तमान में अत्यंत कम मानदेय दिया जा रहा है। जिले में कार्यरत इन कर्मचारियों को लगभग 2 से 5 हजार रुपये प्रति माह की दर से भुगतान किया जा रहा है, जिससे वर्तमान महंगाई के दौर में परिवार का पालन-पोषण करना असंभव हो गया है।
अटल नगर रायपुर के आदेश का दिया हवाला
कर्मचारी संघ ने अपने आवेदन में संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें, नवा रायपुर के 27 अप्रैल 2022 के संदर्भ पत्र का भी उल्लेख किया है। संघ का कहना है कि विभाग के पास प्रावधान है कि इन कर्मचारियों को कलेक्टर दर के समान मानदेय दिया जा सकता है, लेकिन सूरजपुर जिले में अब तक इसे लागू नहीं किया गया है।
सहानुभूतिपूर्वक विचार की अपील
संघ ने विनम्र निवेदन किया है कि कर्मचारियों की दयनीय आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए शासन-प्रशासन सहानुभूतिपूर्वक विचार करें। यदि उनकी मांगें पूरी होती हैं, तो इससे जिले के सैकड़ों स्वास्थ्य कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



















