कमजोर दृष्टि भी बनती है हादसों की वजह, ट्रैफिक नियमों का पालन करना न केवल कानूनन जरूरी है, बल्कि यह दूसरों की जान भी बचाता है।
जरही में 200 ड्राइवर्स की स्वास्थ्य व आंखों हुई जांच, नजर कमजोर होने पर 20 को चश्मे मिले, 25 जरूरतमंद लोगों को प्रदाय किया हेलमेट
सूरजपुर- जरही में शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 को थाना भटगांव पुलिस के द्वारा यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस उपलक्ष्य पर 200 वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कर दवाएं उपलब्ध कराई गई, 10 गुड सेमेरिटन को उत्कृष्ट सेवा सम्मान मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित तथा 25 जरूरतमंद लोगों को हेलमेट प्रदाय किया गया।
इस अवसर पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने नागरिकों कहा कि यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षा की कुंजी है, यातायात नियमों का पालन करना जीवन रक्षा के लिए अत्यन्त जरूरी है क्योंकि छोटी सी लापरवाही से बड़े हादसे हो सकते हैं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि बाइक चलाते समय आवश्यक रूप से हेलमेट व कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाए ताकि किसी आपात स्थिति में चालक सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर समाज के लोगों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रोत्साहित करने के इस अभियान को नई दिशा दे सकते हैं, इसलिए इस जरूरी विषय पर बढ़चढ़ कर हिस्सा लें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें।
सुरक्षा के लिए बताए प्रमुख बिंदु
डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने बताया कि जीवन की सुरक्षा के लिए हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग और शराब पीकर वाहन न चलाना जीवन बचाने के लिए सबसे जरूरी है। हादसों को कम करने के लिए अनुशासन में रहकर यातायात नियमों का पालन कर गति सीमा में वाहन चलाए, हेलमेट और सीटबेल्ट का उपयोग करें। ट्रैफिक नियमों का पालन करना न केवल कानूनन जरूरी है, बल्कि यह दूसरों की जान भी बचाता है। यह जागरूकता कार्यक्रम सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनने आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, थाना प्रभारी भटगांव सरफराज फिरदौसी, नगर पंचायत अध्यक्ष जरही पूरन राजवाड़े, वरिष्ठ समाज सेवक अशोक गुप्ता, सरपंच बंशीपुर गुलाब सिंह, रमेश गुप्ता, जरही सीएमओ मोहर लाल, एपीएम भटगांव राजकुमार शर्मा, पार्षदगण, नगर के गणमान्य नागरिकगण मौजूद रहे।
तत्काल सहयोग करने वाले को उत्कृष्ट सेवा सम्मान मोमेंटो प्रदान किया गया
कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने तथा पुलिस को दुर्घटना की फौरन सूचना देकर मानवता का परिचय देने वाले 10 गुड सेमेरिटन (नेक आदमी) जरही निवासी प्रवीण सिंह, विजय पाण्डेय, ओ.पी. सिंह, सूरज सिंह, विवेक सिंह, अंकित सिंह, हिमांशु, बंशीपुर निवासी धीरज गुप्ता, अनरोखा निवासी पूरन राजवाड़े व ग्राम कपसरा निवासी सरवर को उत्कृष्ट सेवा सम्मान मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। डीआईजी/एसएसपी ने सभी को भविष्य में भी इसी प्रकार समाज व जनसेवा हेतु प्रेरित किया।
जरही में 200 ड्राइवर्स की स्वास्थ्य व आंखों हुई जांच, नजर कमजोर होने पर 20 को चश्मे मिले
यातायात जागरूकता कार्यक्रम के अवसर पर जरही में थाना भटगांव पुलिस के द्वारा सीएचसी भटगांव के डॉ. श्याम लाल राजवाड़े, एमएलटी सूरज बली राजवाड़े व ओएओ दीपक गुप्ता के सहयोग से स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन कराया गया जिसमें 200 वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्रों की जांच कराई गई। इसका मुख्य उद्देश्य धुंधली दृष्टि के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है। स्वास्थ्य ठीक रहने से चालक सही ड्राईविंग कर यात्रियों को सुरक्षित पहुंचा सकेंगे। शिविर में रोडवेज, आटो, ट्रक व हैवी वाहन चालकों की स्वास्थ्य एवं आंखों की जांच की गई और दृष्टिदोष पाए जाने पर चश्मा के साथ ही जरूरी दवाईयां प्रदाय किया गया।
कमजोर दृष्टि बनती है हादसों की वजह
डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर ने बताया कि अक्सर कमजोर दृष्टि के कारण चालकों को सड़क पर स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जो गंभीर हादसों का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में ओवर स्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती बरती गई है। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।


















