सूरजपुर/दतिमा मोड़- सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखण्ड अंतर्गत स्थित राई पंचयात के जुनापारा में रहने वाले 35 परिवार सहित प्राथमिक स्कूल, आंगनबाड़ी के बच्चे सोलर पैनल सिस्टम खराब होने से पेयजल की समस्या से जूझ रह हैं। पानी की ज्यादा किल्लत है वहां टैंकर से आपूर्ति की जा रही है। बार बार ग्रामीणों के द्वारा सुधार की मांग पर भी आज तक सुधार कार्य नही हो सका है।
15 दिनों से पड़ा है खराब
सोलर पैनल लगभग 15 दिनों से खराब पड़ा हुआ है। सोलर पैनल से निकलने वाली पानी से मोहल्ले के करीब 35 घर तथा प्राथमिक शाला व आंगनबाड़ी के बच्चे आश्रित है। सोलर पैनल खराब होने के बाद इसकी जानकारी क्रेडा विभाग के अधिकारियों को दी गई थी। उसके बाद विभाग के द्वारा खराब जले हुए मोटर को निकालकर ले गए पर आज तक दुबारा मोटर नही लग सके हैं। जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। ग्राम राई में नल-जल जीवन मिशन का सप्लाई वर्षों से ठप पड़ा हुआ है जो कि लोगों के लिए अभी जी का जंजाल बना हुआ है। सोलर पैनल खराब होने से राई (जुनापारा) मोहल्लावासी दूसरे मोहल्ले के हैंडपंप से पानी लेने जाने के लिए विवश है। दूसरे मोहल्ले के हैंडपंप से पानी ले जाने से काफी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है साथ ही मुहल्लेवासी के साथ आये दिन विवाद की स्थिति बन रही है। 15 दिनों से दूसरा मोटर नहीं लगाने से क्रेडा विभाग के ऊपर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी जानकारी क्रेडा विभाग के अधिकारियों को दी गई थी। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया था कि तत्काल ठीक कर दिया जाएगा लेकिन सुधार नहीं किया गया है। क्रेडा विभाग की उदासीनता के कारण ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।


















