---Advertisement---

प्राथमिक शाला उरांवपारा के बच्चों ने रैली निकालकर दिया कैंसर मुक्त समाज का संदेश, जागरूकता को बताया सबसे बड़ा बचाव

Follow Us
Spread the love
प्रधान पाठक संजय साहू के नेतृत्व में बच्चों ने ली स्वस्थ जीवन शैली की शपथ, पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से ग्रामीणों को किया जागरूक

सूरजपुर/रामानुजनगर- कलेक्टर एस. जयवर्धन और जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा के निर्देशन में आज विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर प्राथमिक शाला उरांवपारा मदनेश्वरपुर में विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को कैंसर के खतरों के प्रति सचेत करना और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।

प्रधान पाठक संजय साहू के नेतृत्व में विद्यालय के बच्चों ने पूरे गांव में एक जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने गगनभेदी नारों और स्लोगन के माध्यम से ग्रामीणों से बीड़ी, तंबाकू, गुटखा और शराब का त्याग करने की अपील की। ग्रामीणों को बताया गया कि कैंसर से डरने के बजाय सावधानी और समय पर इलाज से इसे मात दी जा सकती है।

नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा

कार्यक्रम के दौरान प्रधान पाठक संजय साहू ने कैंसर के कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा:

तंबाकू और गुटखा- इनके सेवन से मुंह, फेफड़े, गले और पेट के कैंसर की संभावना अत्यधिक रहती है।

शराब का सेवन- अत्यधिक शराब पीने से लिवर और स्तन कैंसर का खतरा बना रहता है।

बचाव का मंत्र- केवल जागरूकता और संयमित जीवनशैली के आधार पर ही इस जानलेवा बीमारी से बचा जा सकता है।

कला और संवाद के माध्यम से जागरूकता

प्रार्थना सभा में शिक्षक रामकृपाल साहू ने बच्चों को विश्व कैंसर दिवस की महत्ता और इस बीमारी की गंभीरता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिक्षिका शोभा रानी किसपोट्टा और एनिमा बैग के सहयोग से बच्चों ने सुंदर पोस्टर बनाए और चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

स्वस्थ जीवन की शपथ

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से शपथ ली— “हम स्वस्थ जीवन अपनाएंगे और कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाएंगे”। इस दौरान बच्चों को बचपन से ही संतुलित आहार और नियमित व्यायाम जैसी अच्छी आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment