---Advertisement---

हायर सेकेंडरी स्कूल भैयाथान में कलेक्टर की अध्यक्षता में पालक-शिक्षक बैठक संपन्न

Follow Us
Spread the love
कलेक्टर ने छात्रों से की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं पर चर्चा, बेहतर परीक्षा परिणाम का दिया मंत्र

सूरजपुर- बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए जिले के कलेक्टर एस. जयवर्धन द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम में सुधार हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले में एसडीएम की अध्यक्षता में प्रति माह प्राचार्यों की बैठक आयोजित कर मासिक मूल्यांकन, तिमाही, छमाही एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों की समीक्षा की जा रही है। शिक्षा विभाग द्वारा कलेक्टर के मार्गदर्शन में बोर्ड परीक्षा में छात्रों के बेहतर प्रदर्शन, विद्यार्थियों के प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने के लक्ष्य तथा अनुकूल शैक्षणिक वातावरण निर्माण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

इसी कड़ी में आज हायर सेकेंडरी स्कूल भैयाथान में पालक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर एस. जयवर्धन ने की। बैठक के दौरान कलेक्टर ने छात्रों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और परीक्षा की तैयारी से संबंधित उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने पालकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों की पढ़ाई में आवश्यक सहयोग और सकारात्मक माहौल प्रदान करें।

कलेक्टर ने छात्रों को नीट, जेईई (मेंस), सीजी पीएससी जैसी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि परीक्षा को दबाव के रूप में नहीं, बल्कि उत्साह और आत्मविश्वास के साथ लें। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, सही मार्गदर्शन और अनुशासन से सफलता सुनिश्चित की जा सकती है।

इस दौरान कक्षा 12वीं गणित के छात्र पीयूष कुशवाहा से संवाद करते हुए कलेक्टर ने आधुनिक तकनीक और चौट जीपीटी जैसे डिजिटल टूल्स के उपयोग से करियर निर्माण में सहयोग लेने की सलाह दी। छात्र ने जीमेंस की ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से अपनी तैयारी के अनुभव भी साझा किए। कलेक्टर की इस पहल से छात्र एवं पालक काफी उत्साहित नजर आए।

इस अवसर पर एसडीएम चांदनी कंवर, जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा, जिला मिशन समन्वयक मनोज कुमार साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी फुलसाय मरावी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह, खंड स्रोत समन्वयक सुरेंद्र दुबे, प्राचार्य डी.के. राय सहित शिक्षकगण एवं पालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment