सूरजपुर- भैयाथान विकासखंड में आयोजित सरगुजा ओलंपिक का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस खेल महोत्सव में कुल 1130 खिलाड़ियों ने भाग लेकर खेलों के प्रति क्षेत्र की मजबूत रुचि को दर्शाया। इनमें 511 महिला खिलाड़ी एवं 619 पुरुष खिलाड़ी शामिल रहे।
आयोजन में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के अंतर्गत 10 विधाओं में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ संपन्न हुईं। जूनियर वर्ग में 381 पुरुष एवं 329 महिला खिलाड़ी, जबकि सीनियर वर्ग में 238 पुरुष एवं 182 महिला खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
समापन अवसर पर विशेष उपलब्धि के रूप में सबसे अधिक आयु वर्ग की सीनियर महिला खिलाड़ी के रूप में रुचि कुशवाहा (उम्र 30 वर्ष) ने गोला फेंक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं सबसे अधिक आयु वर्ग के सीनियर पुरुष खिलाड़ी के रूप में महेश्वर साहू (उम्र 52 वर्ष) ने बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेकर सभी को प्रेरित किया।
खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरगुजा ओलंपिक ने उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया। जूनियर खिलाड़ियों ने कहा कि इस मंच से उन्हें आत्मविश्वास, अनुशासन और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली, वहीं सीनियर खिलाड़ियों ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि खेल उम्र का मोहताज नहीं होता और नियमित खेल गतिविधियाँ स्वास्थ्य व मानसिक स्फूर्ति के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
इस समापन समारोह ने यह संदेश दिया कि सरगुजा ओलंपिक केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेलों के माध्यम से स्वस्थ समाज और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का एक सशक्त प्रयास है। इस प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए जिलास्तरीय खेल के लिए शुभकामनाएं दी गई।


















