---Advertisement---

फाइलेरिया के खिलाफ प्रशासन सख्त, सामूहिक दवा सेवन अभियान के दौरान कलेक्टर ने प्रेमनगर क्षेत्र में व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

Follow Us
स्वास्थ्य कर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश

सूरजपुर- जिले को फाइलेरिया (हाथीपांव) जैसी गंभीर बीमारी से मुक्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सामूहिक दवा सेवन अभियान के तीसरे दिन गुरुवार को कलेक्टर ने विकासखंड प्रेमनगर के नवापाराकला क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दवा वितरण, स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर का दौरा सर्वप्रथम गौरीपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से प्रारंभ हुआ। यहां उन्होंने मितानिनों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों और ग्रामीणों को फाइलेरिया रोधी दवा दिए जाने की प्रक्रिया देखी। उन्होंने बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता, पोषण स्तर तथा साफ-सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही कार्यकर्ताओं से अभियान के तहत अब तक हुए दवा सेवन की रिपोर्ट भी प्राप्त की। इसके पश्चात कलेक्टर आयुष्मान आरोग्य मंदिर नवापाराकला पहुंचे, जहां प्राथमिक विद्यालय के बड़ी संख्या में बच्चे दवा सेवन के लिए उपस्थित थे। कलेक्टर ने बच्चों से बातचीत करते हुए उनसे उनकी उम्र, ऊंचाई और स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा दवा की सही मात्रा के बारे में समझाया। इसके बाद उन्होंने अपनी उपस्थिति में बच्चों को दवा खिलवाई, जिससे ग्रामीणों और अभिभावकों में विश्वास का माहौल बना।

कलेक्टर ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, स्कूल और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, किताबें पढ़ने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों को किताब पढ़ने के लिए कहा गया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।दौरे के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे और प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, बीएमओ डॉ. तिलकेश्वर सिंह पैकरा, प्रभारी बीपीएम योगेंद्र बैरागी, एमटीएस संतोष कुमार सिंह सुरेंद सॉरी सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, जनप्रतिनिधि, मितानिनें, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे फाइलेरिया उन्मूलन के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और दवा का सेवन कर जिले को इस बीमारी से मुक्त बनाने में सहयोग दें।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment