---Advertisement---

सूरजपुर: जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का हुआ समापन

Follow Us
खेल प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम बना सरगुजा ओलंपिक
मुख्य अतिथि ने विजेताओं को सम्मानित कर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

सूरजपुर- जिले के शा.आ.बालकउ.मा.विद्यालय स्टेडियम ग्राउंड में समस्त विकासखंड से पहुंचे खिलाड़ियों के द्वारा विभिन्न खेल विधाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया गया। आज जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक कार्यक्रम के समापन दिवस पर सीनियर वर्ग से प्रतिभागियों के अपनी उम्मीद्वारी दर्ज कर शानदार खेल का प्रदर्शन किया और उपस्थित दर्शको मंत्र मुग्ध किया। दो दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक में जहां 12 फरवरी को जूनिवर वर्ग से 1068 प्रतिभागियों ने अपने उम्मीद्वारी दर्ज की, वहीं सीनियर वर्ग से समापन दिवस पर 1189 प्रतिभागियों ने अपने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन कार्यक्रम मे पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष व जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दो दिनों में जो ऊर्जा, जो जोश, जो जूनुन देखा है, वह शब्दो में बयान कर पाना कठिन है। उन्होंने कहा जूनियर व सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने जिस साहस एवं लगन के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया है व सचमुच में काबिले तारीफ है। उन्होने कहा सभी प्रतिभागी विजेता है, क्योंकि खेल का असली सार जीत या हार मे नही बल्कि भागीदारी व खेल भावना में है।

कलेक्टर एस. जयवर्धन ने जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक समापन दिवस पर उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब किसी जिले के मैदान खिलाड़ियों से भरे होते हैं, तो समझिए कि वह जिला स्वस्थ है, ऊर्जावान है और प्रगति की राह पर है। खेल अनुशासन सिखाता है, टीम भावना सिखाता है, हार के बाद उठने का होसला देता है और जीत में विनम्र रहने का संस्कार देता है। उन्होंने आगे कहा जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, और सरगुजा ओलंपिक युवाओं के प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक ईमानदार प्रयास है।

खेल अधिकारी आरती पाण्डे ने बताया कि आज जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक के समापन दिवस पर समस्त विकासखंड से सीनियर वर्ग अतंर्गत लगभग 1189 प्रतिभागियों ने अपने खेल का प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग मे 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के महिला व पुरुष प्रतिभागी रहें। 12 विभिन्न खेल विधाओं में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराटे, कबड्डी, खो-खो, व्हॉलीबॉल, बास्केटबॉल व रस्साकस्सी इत्यादि खेल शामिल हैं। आज मैदान स्थल में प्रतिभागियों ने 100 मी., 200 मी., 400 मी. दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद शॉटपूट डिस्कस थ्रो, जैवलीन थ्रो, रिलेरेस, तीरंदाजी, बैंडमिंटन (सिंगल-डबल), खो-खो, बॉलीवाल, बास्केटबॉल जैसे खेलों मे उत्कृष्ठ प्रदर्शन किया और दर्शको के मन मे अपना स्थान बनाया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी रहें विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार राशि व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जूनियर व सीनियर वर्ग के विजेता अब सरगुजा में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन संभाग स्तर पर करेगें।

कार्यक्रम में मुकेश गर्ग, मुरली मनोहर सोनी, अजय गोयल, शशिकांत गर्ग, संदीप अग्रवाल, नीरज गुप्ता, कृष्ण कुमार गोयल, कलेक्टर एस. जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर, जनप्रतिनिधि जिले के गणमान्य नागरिक व जिला स्तरीय संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment