अयोध्या धाम के श्री श्री 1008 श्री देवेन्द्र प्रसादाचार्य जी के सानिध्य में हो रहा आयोजन, महाशिवरात्रि पर होगा भव्य मेला और भण्डारा
सूरजपुर/सारासोर – जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सारासोर में महानदी के पावन तट पर माँ सतलोकी देवी ट्रस्ट के तत्वाधान में विराट पंच कुण्डीय महारुद्र यज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। अयोध्या धाम से पधारे परम पूज्य महाराज श्री श्री 1008 श्री देवेन्द्र प्रसादाचार्य जी (महंत बिन्दु गदाचार्य जी, बड़ा स्थान) के पावन सानिध्य में यह पुनीत अनुष्ठान संपन्न हो रहा है।
कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ
इस भक्तिमय महोत्सव का आगाज 08 फरवरी को भव्य कलश यात्रा, पंचांग पूजन और मण्डप प्रवेश के साथ हुआ। प्रतिदिन सुबह 08 बजे से दोपहर 02 बजे तक हवन पूजन का कार्यक्रम चल रहा है, वहीं दोपहर 03 बजे से शाम 06 बजे तक श्रद्धालु श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कर रहे हैं। शाम 06 बजे माँ की महाआरती में बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल हो रहे हैं।
महाशिवरात्रि पर होगा विशेष आयोजन
ट्रस्ट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अनुष्ठान की पूर्णाहुति 14 फरवरी (फाल्गुन कृष्ण पक्ष द्वादशी) को होगी। इसके पश्चात 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के विशेष अवसर पर- रुद्राभिषेक: ब्रह्म मुहूर्त प्रातः 04 बजे से प्रारंभ होगा। मेला और भण्डारा- भव्य मेले के साथ ही विशाल महाभण्डारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
आयोजन समिति और संरक्षक
इस आयोजन को सफल बनाने में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े (मेला अध्यक्ष) और जिला पंचायत अध्यक्ष चन्द्रमणि देवपाल पैकरा (मेला उपाध्यक्ष) मार्गदर्शक की भूमिका में हैं।
ट्रस्ट नेतृत्व- संरक्षक नवल साय राजवाड़े, अध्यक्ष लोमस राजवाड़े, सचिव सतीश राजवाड़े और कोषाध्यक्ष मोहनलाल राजवाड़े सहित समस्त ट्रस्टी एवं ग्रामवासी सक्रियता से जुटे हुए हैं।
आयोजन समिति ने समस्त धर्मनिष्ठ महानुभावों से सपरिवार पधारकर यज्ञ में आहुति देने और कथा श्रवण कर पुण्य का भागी बनने की अपील की है।



















