---Advertisement---

सूरजपुर ब्रेकिंग: सुंदरगंज में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला; गाड़ियों में तोड़फोड़, 18 पर FIR दर्ज

Follow Us

बुलडोजर चलते ही रणक्षेत्र बना ‘बथान पारा’; जेसीबी और सरकारी वाहनों पर पथराव, संघर्ष में 4 घायल

सूरजपुर/लटोरी | सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुंदरगंज के बथान पारा में आज अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन और पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान भीड़ इतनी उग्र हो गई कि उसने सरकारी वाहनों और अधिकारियों की गाड़ियों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया।

बुलडोजर चलते ही भड़की हिंसा

​जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ सुंदरगंज में सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने पहुंची थी।

  • पथराव और तोड़फोड़: जैसे ही जेसीबी (बुलडोजर) ने अतिक्रमण ढहाना शुरू किया, कब्जाधारी ग्रामीण एकजुट हो गए और टीम को घेर लिया। उग्र भीड़ के पथराव से जेसीबी और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों के शीशे टूट गए और कई गाड़ियाँ क्षतिग्रस्त हो गईं।
  • अफरा-तफरी: अचानक हुए इस हमले से मौके पर भगदड़ मच गई। कार्रवाई का समर्थन कर रहे स्थानीय ग्रामीण और अतिक्रमणकारी भी आपस में भिड़ गए, जिससे जमकर लाठी-डंडे चले। इस झूमाझटकी में 4 लोगों को चोटें आई हैं।

एसडीएम शिवानी जायसवाल का बयान

​सुंदरगंज मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सूरजपुर शिवानी जायसवाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि— “अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान ग्रामीणों के विरोध और पथराव की घटना जरूर हुई है, किंतु प्रशासनिक सूझबूझ के चलते पुलिस विभाग या राजस्व विभाग के किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई है। सभी शासकीय सेवक सुरक्षित हैं।”

प्रशासन सख्त: 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

​शासकीय कार्य में व्यवधान डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। लटोरी तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार पैंकरा की रिपोर्ट पर चौकी लटोरी (थाना जयनगर) में अपराध क्रमांक 50/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने 18 नामजद लोगों के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 190, 324(3), 221 एवं लोक सम्पत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।

​वर्तमान में गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस अब वीडियो फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ की तैयारी में है।

Leave a Comment