सूरजपुर- राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में जारी सामूहिक दवा सेवन (MDA) अभियान को नई ऊर्जा देते हुये जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेन्द्र पाटले ने आज स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया। उनके इस कदम ने जिला पंचायत कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रेरित किया, स्वास्थ्य टीम की उपस्थिति में जिला पंचायत कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारीगण ने फाइलेरिया रोधी दवा का किया सेवन।
इस अवसर पर सभी उपस्थित जनों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करते हुए कहा, “फाइलेरिया जैसी बीमारी से मुक्ति का सबसे सरल और प्रभावी उपाय फाइलेरिया रोधी सामूहिक दवा सेवन है। उन्होंने विकासखंड सूरजपुर, प्रेमनगर व रामानुजनगर क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि सब स्वयं स्वेच्छा से आगे आकर दवा का सेवन करें ।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में व्यापक अभियान:-
कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन व मार्गदर्शन में 10 से 25 फरवरी 2026 तक चल रहे इस अभियान में सूरजपुर, रामानुजनगर एवं प्रेमनगर विकासखंडों के 2 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र व्यक्तियों को DEC, Albendazole और Ivermectin की ट्रिपल ड्रग थेरेपी निःशुल्क दी जा रही है। गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को इस दवा सेवन से छूट दी गई है।
अभियान की उल्लेखनीय उपलब्धि यह है कि प्राप्त अंतिम जानकारी तक जिले के 2 लाख 30 हजार 273 लाभार्थियों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जा चुका है। मितानिनों द्वारा घर-घर जाकर दवा खिलाई जा रही है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस जन-स्वास्थ्य अभियान से वंचित न रहे।



















