उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण कर बोले— “गरीबों के हक पर समझौता नहीं”
सूरजपुर। जनप्रतिनिधि सिर्फ मंच तक सीमित न रहे, बल्कि चौपाल तक पहुंचे – इसी सोच के साथ प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी गुरुवार को सूरजपुर ग्रामीण मंडल के ग्राम नेवरा, झांसी, बसदेई, लोधिमा, उंचडीह, तेदुपारा, सरमा और पसला के दौरे पर पहुंचे।इस दरम्यान गांव की गलियों में पैदल चलकर, घर-घर दस्तक देकर और चौपाल में बैठकर उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उनकी कार्यशैली में सादगी और सहजता साफ झलकती है-न कोई औपचारिकता, न दूरी; बल्कि अपनत्व के साथ समस्याएं सुनना और मौके पर ही समाधान की दिशा तय करना।
जनता के बीच रहकर ही मिलती है असली जानकारी
विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि योजनाओं का लाभ तभी सार्थक है जब वह अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल संगठन तक सीमित न रहें, बल्कि हर पात्र हितग्राही तक योजना की जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं-कहीं सड़क की मांग, कहीं पेयजल की समस्या, तो कहीं राशन वितरण की चिंता। विधायक ने भरोसा दिलाया कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए जाएंगे और समाधान में विलंब नहीं होने दिया जाएगा।
गरीबों के हक पर नहीं होगा समझौता
जनसंपर्क कार्यक्रम के बाद विधायक ने ग्राम पंचायत नेवरा की उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया। चावल वितरण व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने हितग्राहियों से सीधा सवाल किया-क्या समय पर राशन मिल रहा है..?ग्रामीणों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर उन्होंने संतोष जताया, लेकिन साथ ही सेल्समैन को सख्त चेतावनी भी दी कि गरीबों के हक में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सक्रिय, सरल और संवेदनशील जनप्रतिनिधि
प्रेमनगर विधायक की कार्यशैली में एक सक्रिय और संवेदनशील जनप्रतिनिधि की झलक दिखती है। वे अक्सर बिना पूर्व सूचना गांवों का दौरा कर जमीनी हकीकत जानने की कोशिश करते हैं। लोगों से सीधे संवाद कर भरोसा कायम करना और प्रशासन को जवाबदेह बनाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। बहरहाल इस कार्यक्रम में सूरजपुर ग्रामीण भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय राजवाड़े, सागर सिंह सहित मंडल के पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्रामीणों में विधायक के आगमन को लेकर उत्साह और आत्मीयता का माहौल देखा गया। वहीं दूसरी तरफ विधायक मरावी ने अंत में कहा, जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। जब तक हर घर तक योजनाओं का लाभ और विकास की रोशनी नहीं पहुंचेगी, तब तक हमारा प्रयास जारी रहेगा।


















