सूरजपुर- जिला प्रशासन सूरजपुर द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिले के चयनित ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार आयोजित इन ग्राम सभाओं में विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा, पात्र हितग्राहियों का सत्यापन एवं आवश्यक प्रस्तावों को पारित किया गया।
विशेष ग्राम सभा में सर्वप्रथम शासन की महत्वाकांक्षी ’धरती आबा योजना’ के अंतर्गत वन क्षेत्र से प्रभावित ग्राम पंचायतों में सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति के संबंध में विस्तृत चर्चा एवं अनुमोदन किया गया। इस योजना के तहत दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।
इसके साथ ही ’प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के अंतर्गत वनपट्टा धारी (एफआरए) कृषकों के भौतिक सत्यापन के उपरांत अपात्र पाए गए कृषकों के संबंध में ग्राम सभा में विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए गए, जिससे योजना का लाभ केवल पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जा सके।
ग्राम सभा अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों के अंतर्गत ’विभिन्न ग्रामसभा, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास), स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम)’ तथा कर वसूली एवं अन्य स्थानीय विषयों पर भी व्यापक चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर जयवर्धन के नेतृत्व व जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में ग्रामीण स्तर पर शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं पारदर्शिता के साथ उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयासरत है। विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से सीधे जोड़ने की यह पहल जिले में सुशासन की दिशा में एक सार्थक कदम है।



















