---Advertisement---

राष्ट्रीय एकता शिविर में सूरजपुर की साक्षी गुप्ता ने जीता गोल्ड, भाषण प्रतियोगिता में देशभर में रहीं अव्वल

Follow Us
Spread the love
गुजरात विश्वविद्यालय अहमदाबाद में आयोजित NIC शिविर में किया छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व, अपनी वाकपटुता से पूरे देश में बनाई पहचान

सूरजपुर- शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, सूरजपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की छात्रा साक्षी गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तर पर सूरजपुर जिले और महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने गुजरात विश्वविद्यालय, अहमदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर (NIC) में न केवल छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व किया, बल्कि भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई।

भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय (MoYAS) के तत्वावधान में आयोजित यह शिविर 4 फरवरी से 10 फरवरी 2026 तक चला, जिसमें देशभर के 10 राज्यों एवं विश्वविद्यालयों के NSS स्वयंसेवकों ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय एवं सामाजिक सद्भाव का सशक्त संदेश दिया। साक्षी गुप्ता ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अंबिकापुर की टीम के साथ इस प्रतिष्ठित आयोजन में भाग लिया।

शिविर के दौरान आयोजित NIC रैली में छत्तीसगढ़ की टीम ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों के साथ राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पूरे देश के सामने प्रस्तुत किया। शिविर में कुल चार प्रतियोगिताओं में से तीन में छत्तीसगढ़ की टीम ने अपना स्थान सुनिश्चित किया, जो राज्य की प्रतिभा और तैयारी का प्रमाण है।

महाविद्यालय के प्राचार्य बृजलाल साहू एवं NSS कार्यक्रम अधिकारी पूजांजलि भगत ने साक्षी गुप्ता की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि साक्षी की यह सफलता महाविद्यालय की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है और यह उपलब्धि NSS के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के महत्व को रेखांकित करती है।

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment