बालिका शौचालयों को 8 मार्च तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश – विजेंद्र सिंह पाटले
सुरजपुर- जिले के कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले के अध्यक्षता में समग्र शिक्षा एवं पीएमश्री के स्कूलों के निर्माण कार्य की समीक्षा संबंधित एजेंसियों की उपस्थिति में की गई। निर्माण एजेंसी लोक सेवा यांत्रिकी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, क्रेडा, जनपद पंचायत एवं नगर पंचायत के अधिकारियों की उपस्थिति में सभी निर्माण कार्यों का विद्यालयवार समीक्षा किया गया तथा 15 एवं 31 मार्च का समय देकर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले ने बालिका शौचालय को 8 मार्च से पहले पूर्ण करने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीएमश्री विद्यालय विभाग के प्राथमिकता में से है, और इसका मॉनिटरिंग राज्य और केंद्र स्तर से किया जा रहा है, सभी एजेंसियां समय पर निर्माण कार्य सुनिश्चित करें।
यदि ठेकेदार कार्य में विलंब कर रहे है तो नोटिस जारी कर कार्यवाही करें। कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को पंचायत स्तर पर निर्माण कार्य की समीक्षा करने एवं बीआरसीसी को एजेंसियों से समन्वय बनाकर निर्माण कार्यों का अपडेट देने का निर्देश दिया।
बैठक में सभी एजेंसियों के विभागीय अधिकारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक एवं बीआरसीसी उपस्थित थे।


















