कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में हुई बैठक, रेलवे ओवरब्रिज का काम जल्द पूरा करने और हेलमेट-सीट बेल्ट अनिवार्य करने के निर्देश
सूरजपुर- जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाते हुए सांसद चिंतामणी महाराज की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष सूरजपुर, जिला पंचायत सदस्य, कलेक्टर एस. जयवर्धन, पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की प्रगति की जानकारी ली गई तथा संबंधित विभाग को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके।
सांसद चिंतामणी महाराज ने यातायात सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जनजागरूकता के साथ-साथ सख्त कार्रवाई भी आवश्यक है। दुपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। नशा कर वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे लोग न केवल स्वयं के जीवन को जोखिम में डालते हैं, बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डालते हैं।
बैठक में जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की शीघ्र मरम्मत तथा आवश्यकतानुसार नए निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने बताया कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न विभागों के माध्यम से समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन, संकेतक बोर्डों की स्थापना एवं सड़क मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आमजन की सहभागिता से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमित रूप से चालानी कार्रवाई की जा रही है। नशा कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही स्कूल, कॉलेज एवं सार्वजनिक स्थलों पर यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नियमों के प्रति सजग किया जाएगा।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि सड़क सुरक्षा के संबंध में निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।


















