सूरजपुर/लटोरी- उमा विंध्यवासिनी संस्कार महाविद्यालय में 23 फरवरी 2026 को वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार और सांस्कृतिक प्रतिभा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला, जिसने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में लक्ष्मी राजवाड़े (कैबिनेट मंत्री, महिला एवं बाल विकास, छत्तीसगढ़ शासन) को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व विजय सिंह तोमर (अध्यक्ष, भाजपा राज्य युवा आयोग) ने की। विशिष्ट अतिथियों में ठाकुर प्रसाद राजवाड़े (मंत्री प्रतिनिधि), नूतन विश्वास (भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष, सूरजपुर), पप्पू साहू (भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष, सूरजपुर) तथा ग्राम पंचायत लटोरी के सरपंच युवत कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित, अनुशासित और निरंतर परिश्रमी रहने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि की अनुपस्थिति में मंत्री प्रतिनिधि के रूप में पप्पू साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और सतत परिश्रम ही सफलता की असली कुंजी है।
महाविद्यालय की प्राचार्य शिल्पी श्रीवास्तव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, सांस्कृतिक गतिविधियों और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। व्यवस्थापिका दीप्ति श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में विशेष रंग भरा। संगीत, नृत्य और नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्थानीय लोक-संस्कृति की झलक ने कार्यक्रम को विशिष्ट आयाम प्रदान किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। बीए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा रूपमती देव को महाविद्यालय की सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन भूगोल विभागाध्यक्ष भागीरथी पातर एवं हिंदी विभागाध्यक्ष अनीता विश्वकर्मा ने किया। समारोह में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सामूहिक सहयोग, अनुशासन और सुव्यवस्थित प्रबंधन ने इस वार्षिक उत्सव को सचमुच यादगार बना दिया।



















