---Advertisement---

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर थाना भटगांव में महिलाओं का हुआ सम्मान

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर/भटगांव- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर थाना भटगांव में महिलाओं के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी के नेतृत्व में थाना परिसर में महिला सशक्तिकरण और उनके योगदान को सम्मान देने की पहल की गई।

कार्यक्रम के दौरान थाना भटगांव में पदस्थ महिला स्टाफ, पैरालीगल वालंटियर तथा अन्य उपस्थित महिलाओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उन्हें उपहार एवं मिठाई देकर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। इस सम्मान समारोह का उद्देश्य समाज में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करना और उनके प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना था।

थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी ने इस अवसर पर कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और कार्यक्षमता से नई पहचान बना रही हैं। चाहे प्रशासनिक क्षेत्र हो, सामाजिक क्षेत्र हो या पुलिस विभाग, महिलाएं अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान महिला स्टाफ और पैरालीगल वालंटियर्स ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को सम्मान और प्रोत्साहन प्रदान करते हैं, जिससे वे और अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

थाना भटगांव द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह महिला शक्ति के प्रति आदर, सम्मान और प्रेरणा का संदेश देने वाला रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की गई।

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment