---Advertisement---

महंगाई की आग: सूरजपुर में केंद्र सरकार का पुतला दहन, पुलिस और कांग्रेसी भिड़े

Follow Us
Spread the love

गैस सिलेंडरों के बढ़ते दामों पर आक्रोश, पुलिस ने डंडे से पीट-पीट कर बुझाई प्रधानमंत्री के पुतले की आग, वीडियो वायरल

सूरजपुर- घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की कीमतों में केंद्र सरकार द्वारा की गई भारी वृद्धि के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी ने स्थानीय अग्रसेन चौक पर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सांकेतिक पुतला दहन किया, जहाँ पुलिस के साथ उनकी तीखी झड़प और झूमा-झटकी भी हुई।

जनता पर बढ़ा आर्थिक बोझ

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर में 60 रुपये और व्यावसायिक गैस में 115 रुपये की वृद्धि कर मध्यम और निचले तबके की कमर तोड़ दी है। जिलाध्यक्ष शशि सिंह की अगुवाई में जुटे कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुओं के दाम प्रतिदिन बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता त्रस्त है।

पुलिस को चकमा देकर किया पुतला दहन

प्रदर्शन के दौरान उस वक्त तनाव की स्थिति निर्मित हो गई जब भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद युवक कांग्रेस के दोनों विधानसभा अध्यक्ष विक्की समद्दार और परमेश्वर राजवाड़े ने पुलिस को चकमा देकर प्रधानमंत्री के पुतले में आग लगा दी। पुलिसकर्मियों ने पुतला दहन रोकने की पूरी कोशिश की, जिससे कांग्रेसियों और जवानों के बीच काफी देर तक झूमा-झटकी चलती रही।

चर्चा का विषय बनी पुलिस की कार्रवाई

पुतला दहन के दौरान एक अजीबो-गरीब स्थिति तब निर्मित हुई जब पुलिस अधिकारी और जवान जलते हुए पुतले को डंडे से पीट-पीट कर बुझाने लगे। पुलिस की इस कार्रवाई को देख चौक पर खड़े राहगीरों ने खूब मजे लिए और इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। काफी देर तक अग्रसेन चौक पर अफरा-तफरी और तनाव का वातावरण बना रहा।

प्रदर्शन में ये रहे शामिल

इस आंदोलन में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष शशि सिंह के साथ ईस्माइल खान, संजय डोसी, सुनील अग्रवाल, मेहंदी यादव, नवीन जायसवाल, प्रदीप साहू, बिहारी कुलदीप, बबीता गुप्ता, वेद प्रकाश मिश्रा, विमलेश तिवारी, संतोष पावले, रोहन रजवाड़े, सुनील सारथी, शान्तु डोसी, शक्ति ठाकुर, राजपाल कसेरा, पवन साहू, इमरान एराकी, दीपक देवांगन सहित जिला कांग्रेस कमेटी के सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment