---Advertisement---

कलेक्टर ने ली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली

Follow Us
Spread the love

विवाह पूर्व सिकल सेल जांच की आवश्यकता को लेकर जनजागरूकता के दिए निर्देश

सूरजपुर- कलेक्टर एस जयवर्धन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अस्पताल (डीएच), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) द्वारा प्रदाय की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान ओपीडी एवं आईपीडी में उपचार प्राप्त करने वाले मरीजों की संख्या तथा स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई।

बैठक में गर्भवती महिलाओं के ANC पंजीयन एवं उन्हें समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही जिले में सिकल सेल से पीड़ित मरीजों की स्थिति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि माता-पिता दोनों सिकल सेल से पीड़ित हों तो आने वाली संतान में भी सिकल सेल होने की संभावना बहुत अधिक होती है। इसलिए युवाओ को विवाह से पहले अथवा महिलाओ के गर्भावस्था के दौरान ब्लड टेस्ट एवं सिकल सेल स्क्रीनिंग अवश्य कराने के लिए जागरूक किया जाए। ताकि आने वाली पीढ़ी को गंभीर स्वास्थ्य समस्या से बचाया जा सके।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बेहतर करने के लिए गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति तथा सोनोग्राफी से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे फाइलेरिया सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही हाट बाजार क्लीनिक योजना के तहत हाट-बाजारों में ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।

इसके अलावा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत क्षय रोग की जांच, उपचार एवं मरीजों की पहचान की प्रगति की जानकारी ली गई और अभियान को और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने मौसमी बीमारियों के लिए सभी चिकित्सालयों में आवश्यक दवाइयों, जांच एवं उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग में आवश्यकता अनुसार कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिलाने के भी निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार किया जा सके।

इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर सूरजपुर, सीएमएचओ सूरजपुर, सिविल सर्जन सूरजपुर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment