---Advertisement---

जंगल में ‘काली खेती’ का भंडाफोड़: 3.67 एकड़ में उगाई जा रही अफीम, 4.75 करोड़ का माल जब्त, 7 गिरफ्तार..

Follow Us
Spread the love

बलरामपुर-रामानुजगंज- जिले के थाना कुसमी क्षेत्र के ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में अवैध मादक पदार्थ अफीम की खेती के बड़े मामले का पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान लगभग 4 करोड़ 75 लाख रुपये कीमत की 43 क्विंटल से अधिक अफीम जब्त की गई है। इस मामले में अब तक 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और पूरे प्रकरण की एंड टू एंड विवेचना के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को थाना प्रभारी कुसमी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में कुछ लोगों द्वारा रूपदेव भगत और कौसिल भगत के खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कुसमी, थाना प्रभारी कुसमी तथा एसएफएल, प्रशासन और अन्य विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान खेत में अफीम की खेती पाई गई तथा वहां मौजूद व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ा गया।

मौके से भारी मात्रा में अफीम बरामद

कार्रवाई के दौरान अफीम के जड़, तना, पत्ती, फूल और फल सहित पौधों को उखाड़कर तौला गया, जिसमें कुल 4344.569 किलोग्राम (43 क्विंटल से अधिक) अफीम बरामद हुई। इसके अलावा मौके से दो डिब्बों में भरा अफीम का लासा और चार बड़े तथा एक छोटा बोरी में सूखे फल भी जब्त किए गए। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4.75 करोड़ रुपये आंकी गई है।

3.67 एकड़ भूमि में की जा रही थी अवैध खेती

जांच में पाया गया कि 1.488 हेक्टेयर (लगभग 3.67 एकड़) भूमि पर अफीम की खेती की जा रही थी। राजस्व अभिलेखों के अनुसार उक्त भूमि पड़ती भूमि के रूप में दर्ज है, जिस पर सामान्यतः खेती नहीं की जाती।

राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की उपस्थिति में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत परीक्षण कर जब्ती की कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है —

रूपदेव राम भगत (50)

कौषिल भगत (30)

मनोज कुमार (24) – गया, बिहार

जिरमल मुण्डा (56) – जशपुर

उपेन्द्र कुमार (27) – गया, बिहार

विन्देष्वर (45) – चतरा, झारखंड

कृष्णा सिंह – जशपुर

फाइनेंशियल एंगल की भी जांच

पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए फाइनेंशियल गतिविधियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन जांच अभियान

जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों सहित पूरे जिले में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

कलेक्टर की अपील

कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। यदि किसी भी क्षेत्र में अफीम या अन्य मादक पदार्थों की खेती की जानकारी मिलती है तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment