---Advertisement---

अग्निवीर भर्ती: सूरजपुर जिले के युवाओं को सेना में करियर के लिए किया जा रहा प्रेरित

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- देश सेवा का सपना संजोए जिले के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर दरवाजे पर दस्तक दे रहा है। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती को लेकर सूरजपुर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है और जिले के कोने-कोने तक इस अभियान की आँच पहुँचाने का संकल्प लिया है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के सुदृढ़ निर्देशन में जिले के समस्त महाविद्यालयों, पॉलीटेक्निक एवं आईटीआई संस्थानों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो युवाओं को अग्निवीर बनने की राह पर योजनाबद्ध ढंग से अग्रसर कर रहे हैं।

इस अभियान को धार दे रहे हैं भूतपूर्व पैराकमांडो पुरुषोत्तम चंद्रा, जिनके अनुभव और ओजस्वी वक्तव्य युवाओं में सेना के प्रति ललक जगाने का काम कर रहे हैं। वे जनपद पंचायतों, महाविद्यालयों, पॉलीटेक्निक एवं आईटीआई संस्थानों में जाकर छात्र-छात्राओं को सेना की सेवा, चयन प्रक्रिया और करियर की असीमित संभावनाओं से रूबरू करा रहे हैं।

इसी क्रम में आज शासकीय महाविद्यालय प्रेमनगर, आईटीआई प्रेमनगर, शासकीय महाविद्यालय ओडगी तथा आईटीआई ओडगी में विशेष कार्यशालाओं का आयोजन हुआ। इन कार्यशालाओं में उमड़े उत्साही युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया की बारीकियाँ समझीं और अपने मन में उठे हर सवाल का समाधान पाया।

1 अप्रैल तक करें आवेदन, न चूकें यह अवसर

कार्यशाला में जानकारी दी गई कि अग्निवीर पुरुष — जनरल, तकनीकी, लिपिक, स्टोरकीपर एवं ट्रेड्समैन — के साथ ही अग्निवीर महिला तथा स्थाई केडर के नर्सिंग असिस्टेंट वेट एवं सिपाही फार्मा पदों के लिए अधिसूचना जारी की जा चुकी है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 अप्रैल 2026 तक खुली रहेगी, जबकि ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम 1 जून से 10 जून 2026 के मध्य आयोजित होने की संभावना है। भर्ती से जुड़ी सम्पूर्ण जानकारी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर सहजता से उपलब्ध है।

जिला प्रशासन ने युवाओं का आह्वान किया है कि वे इस अवसर को हाथ से न जाने दें और राष्ट्र सेवा की इस गौरवशाली राह पर कदम बढ़ाएँ। किसी भी जानकारी अथवा मार्गदर्शन के लिए जनपद पंचायत कार्यालय एवं रोजगार कार्यालय, सूरजपुर में संपर्क किया जा सकता है।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment