सूरजपुर- माध्यमिक शाला देवनगर में कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के जूनियर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सीनियर छात्रों को भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और भावनाओं से भरा हुआ नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें जूनियर विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और अन्य मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय में बिताए गए यादगार पलों और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय से मिली शिक्षा, अनुशासन और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनके जीवन में सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
जूनियर विद्यार्थियों ने भी सीनियर छात्रों से प्रेरणा लेते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखने और आगे बढ़ने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका सविता साहू ने एक भावपूर्ण विदाई गीत प्रस्तुत किया, जिसने वातावरण को भावुक बना दिया। गीत सुनकर कई विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।
इसके पश्चात शिक्षिका नेहा साव द्वारा विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्रधान पाठक द्वारा आगामी समय में प्रारम्भ हो रहें केंद्रीयकृत परीक्षा के लिए शुभकामनायें दिए और सभी विद्यार्थियों को प्रीतिभोज कराया गया, जिससे समारोह का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ।
बच्चों के इस विदाई कार्यक्रम मे कई अभिभावकगण भी उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम का माहौल उल्लासपूर्ण, प्रेरणादायक और भावनात्मक रहा, जिसने सभी के मन में विद्यालय की मधुर स्मृतियों को और भी सजीव कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक व्रत राम अग्नू कश्यप, अशोक साहू, गुलाब राम यादव, बालेश्वर इक्का, जूही मेहता, नेहा साव, अनूप कुमार, सविता साहू उपस्थित रहें।



















