सूरजपुर- अग्रणी महाविद्यालय सूरजपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा प्राचार्य के निर्देशन में “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” विषय पर 7 दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी तथा स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर समस्या बन चुका है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव युवाओं पर पड़ रहा है। डॉ. अखिलेश पाण्डेय ने अपने 25 वर्ष तक के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए अपनी उपलब्धियां एवं NSS के महत्व को समझा किया। डॉ. रश्मि पाण्डेय ने कहा कि युवा शक्ति यदि सकारात्मक दिशा में कार्य करे तो समाज में बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार चक्रधारी ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस 7 दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा आसपास के गांवों में नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, सांस्कृतिक गतिविधियाँ तथा रैली के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। पुनीत गुप्ता ने बताया कि शिविर का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाना है।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा किया गया तथा अंत में सभी का आभार व्यक्त किया गया।


















