सूरजपुर- खदान से कोयला चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने चोरी की घटना पर अंकुश लगाने पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बुधवार, 18 मार्च 2026 की सुबह एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों की टीम ने गायत्री खदान में अचानक दबिश दी।
गायत्री खदान में कार्रवाई के लिए पहुंची पुलिस टीम को देखकर कोयला चोरी करने वाले व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी मोटर सायकल व सायकल को छोड़कर भाग निकले। मौके पर 450 बोरी कोयला करीब 33 टन, 13 नग मोटर सायकल व 7 सायकल वहां पाया गया। मौके पर मिले 33 टन कोयला कीमत करीब 2 लाख रूपये को खदान प्रबंधन को सौंपा दिया गया। मामले में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर खदान के बाहर लावारिश हालत में पाए गए मोटर सायकल व सायकल को जप्त कर इनके वाहन स्वामियों की पतासाजी की जा रही है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी विश्रामपुर प्रकाश राठौर, निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, एसआई प्रदीप सिदार, कृपाल सिंह, एएसआई राकेश यादव व पुलिस के जवान सक्रिय रहे।
डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने कड़े शब्दों में कहा है कि अवैध कोयला कारोबारी और ग्रामीणों के गठजोड़ को तोड़ने के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी है। खदान प्रबंधन को बाउण्ड्रीवाल के अवैध निकास को जल्द बंद कराने और खदान के सुरक्षाकर्मियों के साथ सख्ती से गश्त कराने के निर्देश दिए है।


















