संगठन विस्तार व आगामी चुनावों पर बनी रणनीति
सूरजपुर/प्रेमनगर- ब्लॉक मुख्यालय स्थित स्थानीय रेस्ट हाउस में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की प्रथम बैठक का आयोजन ब्लॉक प्रभारी इस्माइल खान की उपस्थिति में संपन्न हुआ। बैठक में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक विस्तार करने तथा आगामी नगर पंचायत चुनाव को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई। कार्यक्रम में मंडल प्रभारी, पंचायत अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
बैठक के दौरान ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंडल प्रभारी, पंचायत अध्यक्ष एवं बूथ कमेटियों के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सुझाव लेकर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया। साथ ही आगामी दिनों में नगर पंचायत प्रेमनगर के चुनाव को ध्यान में रखते हुए वार्ड स्तर पर पार्षदों, पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि जमीनी स्तर पर जनसमर्थन को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रभारी इस्माइल खान ने कहा कि वर्तमान में पार्टी विपक्ष की भूमिका में है, ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव में भले ही समय शेष हो, लेकिन संगठन को अभी से सक्रिय और मजबूत बनाना अत्यंत आवश्यक है। सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर निस्वार्थ भाव से पार्टी के हित में कार्य करना होगा, तभी संगठन को मजबूती मिलेगी और आने वाले चुनावों में सफलता सुनिश्चित होगी।
उन्होंने आगे बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी के गठन के पश्चात अब प्रत्येक ब्लॉक में कांग्रेस कमेटी का गठन किया जा रहा है।
प्रेमनगर ब्लॉक में भी संगठन गठन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार कर ली गई है और शीघ्र ही पदाधिकारियों की सूची जारी की जाएगी। इस प्रक्रिया के माध्यम से सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के आपसी समन्वय और सक्रियता से ही पार्टी को नई दिशा मिल सकती है। सभी ने मिलकर संगठन विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मेंहदी यादव, असकरण गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद कुमार यादव, रोहित कनौजे, भुवंती सीरदार, तक्सीम अंसारी, बसराम सोरी, अंकिता सिंह, संजय सिंह, महोदर सिरदार, रोशन पावले, दीपन मानिकपुरी, विजय देवांगन, रामसजीवन साहू, आजम अली, रामविलास सिंह, चमन इक्का, पारस सारथी, रामपाल सारथी, सुभाष सिंह, चंद्रशेखर दुबे, नवल सिंह, मोतीलाल, बालेश्वर दास, सुरेश मानिकपुरी, मनराज सिंह, देवकुमार, रामनरेश, अजय सिंह, गोविंद सिंह, महेंद्र सिंह, जागेश्वर सिंह, बहादुर सिंह, धर्मेंद्र प्रजापति, चंद्रिका प्रसाद, ठाकुर राम पोर्ते, बकेश्वर सीरदार, सुपरवाइजर सिंह, सत्यवान सिंह, रायन कुमार, संजय कुमार रजवाड़े, नरेंद्र सिंह अर्मो, विजय प्रताप सिंह, समल साय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















