---Advertisement---

योग साधना से राष्ट्रीय पहचान — राम प्रताप राजवाड़े ने चंडीगढ़ में दो इवेंट में जीते कांस्य पदक, लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय मंच पर सूरजपुर का परचम

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- सरकारी सेवा और योग साधना को एक साथ जीने वाले सूरजपुर जिले के एक स्वास्थ्यकर्मी ने राष्ट्रीय स्तर पर वह कर दिखाया, जो बड़े-बड़े खिलाड़ियों के लिए भी गर्व की बात होती है। जिला सूरजपुर के स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव में पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत राम प्रताप राजवाड़े ने ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज योगासन प्रतियोगिता 2025-26 में दो-दो इवेंट में तृतीय स्थान प्राप्त कर सूरजपुर जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड के तत्वाधान में चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की सिविल सेवाओं के योग प्रतिभागियों ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेने के लिए राजवाड़े ने पहले संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय ट्रायल में अपनी जगह पक्की की और फिर चंडीगढ़ के राष्ट्रीय मंच पर 50 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग में आर्टिस्टिक सोलो तथा रिदमिक पेयर — दोनों इवेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दोनों में तृतीय स्थान (कांस्य पदक) अर्जित किया। केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड द्वारा उन्हें पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

यह उपलब्धि और भी विशेष इसलिए है क्योंकि राजवाड़े का यह पहला राष्ट्रीय अनुभव नहीं है। गत वर्ष ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज योगासन प्रतियोगिता 2024-25 में भी उन्होंने 50 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग में ट्रेडिशनल सोलो इवेंट में स्वर्ण पदक तथा आर्टिस्टिक सोलो इवेंट में रजत पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया था। अर्थात् लगातार दो वर्षों में कुल चार राष्ट्रीय पदक — यह उनकी निरंतर साधना, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है।

राजवाड़े का यह सफर इस बात की प्रेरणा देता है कि सरकारी सेवा की व्यस्तताओं के बीच भी यदि संकल्प दृढ़ हो तो राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठता हासिल की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment