सूरजपुर- कलेक्टर एस. जयवर्धन के सफल मार्गदर्शन में विगत 22 मार्च को पूरे जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता महापरीक्षा का आयोजन बड़े ही उत्साह और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जिलेभर में शिक्षार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और साक्षरता अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
जिला जेल सूरजपुर में भी महापरीक्षा का सफल आयोजन किया गया। उल्लास पोर्टल पर कुल 85 शिक्षार्थियों का पंजीयन किया गया था, जिनमें से 26 शिक्षार्थियों के रिहा हो जाने के पश्चात शेष 59 शिक्षार्थियों ने सहायक जिला जेल अधीक्षक श्री विक्रम कुमार गुप्ता के सहयोग से परीक्षा में भाग लिया।
जेल केंद्र में केंद्राध्यक्ष के रूप में कृष्ण कुमार सोनी (प्रधान पाठक, प्राथमिक विद्यालय बसदेई) ने दायित्व निभाया, जबकि पर्यवेक्षक के रूप में सन्नी अहलाद टोप्पो (मुख्य जेल प्रहरी) उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जेल प्रहरी शांतनु चतुर्वेदी, अमित गुप्ता तथा विकासखंड परियोजना अधिकारी जयराम प्रसाद का आयोजन में सराहनीय योगदान रहा।
कलेक्टर एस. जयवर्धन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विजेन्द्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में जिले को प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध 94.95 प्रतिशत शिक्षार्थियों ने महापरीक्षा में सहभागिता दर्ज कराई, जो जिले के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
इस सम्बन्ध में कलेक्टर एस जयवर्धन ने कहा कि यह आयोजन ने न केवल साक्षरता अभियान को नई गति दी है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में जिले के प्रयासों को भी मजबूती प्रदान की है।



















