खाद-बीज की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, खरीफ तैयारियों की समीक्षा
सूरजपुर- जिले के प्रभारी सचिव सी.आर. प्रसन्ना की अध्यक्षता में जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में कृषि विषय पर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एस. जयवर्धन, संयुक्त कलेक्टर पुष्पेन्द्र शर्मा, एस.डी.एम. अजय मोड़ियम, उपसंचालक कृषि सम्पदा पैकरा सहित कृषि विभाग से सम्बद्ध अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उर्वरक भंडारण की समीक्षा और खरीफ तैयारी
बैठक में पूर्व वर्षों में उर्वरकों की मांग और आपूर्ति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली गई तथा वर्तमान खाद भंडारण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने आगामी खरीफ सीजन 2026-27 के लिए जिले में गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रासायनिक उर्वरक का पर्याप्त भंडारण किया जाए और रैक पॉइंट से आवंटित खाद का जिले में समय पर भंडारण सुनिश्चित हो।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर कड़ा रुख
प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समितियों में भंडारण व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए। खाद एवं बीज निरीक्षकों द्वारा बीज व खाद दुकानों तथा समितियों का नियमित भौतिक निरीक्षण किया जाए, ताकि कालाबाजारी और जमाखोरी जैसी स्थिति पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि खाद का वितरण नियमानुसार हो और केवल पात्र किसानों को ही खाद व बीज उपलब्ध कराया जाए। जिसके लिये उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से कार्ययोजना बनाने और क्रियान्वन की बात कही।



















